मुलाना। क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। हत्या की आशंका जताते हुए पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
खानपुर गांव तहसील जगाधरी निवासी मृतक के पिता रामपाल ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके 26 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार की हत्या एक साजिश के तहत की है। उनका बेटा मुकेश 14 जून की शाम करीब सात बजे के आसपास थाना छप्पर क्षेत्र में तलाकौर रोड पर स्थित एक वाशिंग सेंटर पर काम कर रहा था। यहां से रतौर गांव निवासी सोनू उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। अगले दिन सुबह गांव के ही एक व्यक्ति बलकार सिंह को व्हाट्सएप पर मुकेश की गंभीर रूप से घायल अवस्था में एक तस्वीर प्राप्त हुई। इसके बाद उन्होंने गांव के सरपंच को फोटा दिखाई और मृतक के पिता रामपाल के पास पहुंचे।
सिर पर था गहरा घाव
पिता रामपाल ने बताया कि जब उनके भतीजे अजय कुमार ने मुकेश के मोबाइल पर काॅल किया तो वह फोन मुलाना थाने के एक पुलिसकर्मी ने उठाया। उन्होंने बताया कि मुकेश को एमएम अस्पताल मुलाना में भर्ती कराया है और उसे हल्की चोट आई है लेकिन जब रामपाल अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुकेश के सिर के दाईं ओर गहरी चोट थी और उसकी हालत गंभीर थी।
बयान बदल रहा आरोपी
रामपाल ने स्पष्ट किया कि जब उन्होंने बेटे के शव को देखा तो उन्हें तुरंत शक हुआ कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि सोनू से जब पूछताछ की गई तो वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा। उन्होंने आरोपी पर उसके साथियों के साथ मिलकर उसके बेटे की हत्या का शक जताया है।
निष्पक्ष हो जांच
रामपाल का आरोप है कि इस मामले की जांच कर रहा पुलिस अधिकारी आरोपी सोनू का रिश्तेदार हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने मांग की कि जांच अधिकारी को बदला जाए और केस की जांच डीएसपी बराड़ा से कराई जाए।