अंबाला। हरियाणा के सिरसा जिले में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के युवा कल्याण निदेशालय और उड़ान थिएटर ग्रुप द्वारा 28 से 30 दिसंबर तक उड़ान नाट्य उत्सव का आयोजन हुआ। इसमें अंबाला से मंथन थिएटर एवं फिल्म फाउंडेशन के निर्देशक उमा शंकर को इस वर्ष नाट्य शिरोमणि 2020 के सम्मान से सम्मानित किया गया।
निर्देशक संदीप देसू ने बताया कि कोरोना काल के बाद हरियाणा का ये पहला नाट्य उत्सव है। प्रत्येक वर्ष रंगमंच के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए एक रंगकर्मी को नाट्य शिरोमणि के सम्मान से नवाजा जाएगा। इसी कड़ी में पिछले 15 वर्ष से रंगमंच में कार्यरत रंगकर्मी उमाशंकर का चयन इस पुरस्कार के लिए किया गया। मंथन निर्देशक उमा शंकर ने अपने इस सम्मान को अंबाला की जनता सभी कलाकारों एवं अपने गुरुजनों को समर्पित किया। कहा कि जल्द ही अंबाला में अलग-अलग विधाओं में वर्कशॉप और फेस्टिवल का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. सुरेश कुमार गहलोत, विशिष्ट अतिथि के रूप परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुरेंद्र सिंह कुंडू एवं युवा निदेशालय प्रमुख मंजू नेहरा ने शिरकत की।