अंबाला। किसान आंदोलन की वजह से रेलवे ने पंजाब जाने वाली ट्रेनों को पूर्ण तौर पर रद कर दिया। ट्रेनों के रद होने का खामियाजा दूर-दराज क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ा। पंजाब से अलग-अलग साधनों से स्टेशन पहुंचे यात्रियों ने यह जानकारी दी। लगभग 24 घंटे पहले ही यात्रियों ने ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन परिसर में डेरा डाल लिया था। लंबी दूूरी की ट्रेनों के अंबाला रेलवे स्टेशन पर रद होने की वजह से स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ नजर आई।
दिल्ली से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को अंबाला ही उतार दिया गया। इसमें काफी संख्या अमृतसर और लुधियाना जाने वाले यात्रियों की थी। ऐसे यात्रियों को न तो अंबाला से अमृतसर के बीच टिकट का रिफंड दिया गया और न ही उनके लिए किसी वाहन का प्रबंध किया गया। खुद के खर्च पर ही यात्री स्टेशन के बाहर प्राइवेट वाहनों का सहारा लेते नजर आए। वहीं स्टेशन व रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर जीआरपी व आरपीएफ अधिकारी व कर्मचारी पेट्रोलिंग करते नजर आए। सभी कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया था।