शहजादपुर। कोविड-19 पॉजिटिव व्यक्ति के घर गई स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घर पर पोस्टर लगा रही टीम के न केवल पोस्टर फाड़ दिए गए बल्कि उन पर हमला भी कर दिया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोविड पॉजिटिव व्यक्ति सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी अनुसार पतरेहड़ी में स्थित पीएचसी में कार्यरत डॉ. लविश ने शहजादपुर पुलिस व अपने उच्चाधिकारियों को दी अपनी शिकायत में बताया कि पतरेहड़ी के रहने वाले अमित सैनी का धनाना पीएचसी में रेपिड टेस्ट हुआ था। रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पीएचसी पतरेहड़ी की हेल्थ टीम ( राजेन्द्र सिंह एचआई व गुरमीत सिंह एमपीएचडब्ल्यू ) ने अमित सैनी के घर गई और मौका मुआयना किया। उसके घर के दरवाजे पर कोविड 19 का पोस्टर लगाया इसके तुरंत बाद अमित सैनी का भाई जो उसी के घर की पहली मंजिल पर रहता है आया और गाली-गलौज शुरू कर दी। पोस्टर फाड़ दिया और हेल्थ टीम के ऊपर हमला कर दिया। टीम के सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई।