बुजुर्ग पर हमला करने के लिए भागता हुआ बेसहारा सांड
- फोटो : Ambala
अंबाला। छावनी के श्याम नगर स्थित हिमशिखा स्कूूल की गली में घूम रहे बेसहारा सांड़ को डंडा लेकर भगाना 76 वर्षीय बुजुर्ग कश्मीर सिंह को उस समय महंगा पड़ गया, जब गुस्से में आए सांड़ ने बुजुर्ग पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गनीमत यह रही कि हमला करने के कुछ सेकेंड के अंदर सांड़ ने बुजुर्ग को छोड़ दिया और मौके से चला गया। यह हादसा देख लोग सहम गए।
आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग का प्राइवेट क्लीनिक में उपचार करवाया। हादसे में बुजुर्ग के माथे पर गहरी चोट आई। यह पूरा हादसा बुुजुर्ग के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि गली के अंदर कई सांड़ घूम रहे थे। बुजुर्ग के घर के सामने से जैसे ही एक सांड़ गुजरा तो वह उसे भगाने के लिए डंडा लेकर आए। डंडा दिखाते हुए जैसे ही सांड़ के थोड़ी करीब पहुंचे तो उसने हमला कर दिया। एक बार तो बुजुर्ग सांड़ से बचने के लिए भागे, लेकिन सांड़ ने वहीं गिराकर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों में रोष है कि जिला प्रशासन को जल्द ही बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम उठाना चाहिए।