नांदेड़ से अंबाला पहुंचे सभी 39 श्रद्धालुओं की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसी तरह कोरोना पॉजिटिव ठरवा निवासी व्यक्ति की पत्नी और बेटी की कोरोना रिपोर्ट भी नेगेटिव आई। बता दें कि इनमें से 11 को क्वारंटीन किया गया था शेष को उनके घर भेज दिया गया था। कुल मिलाकर बुधवार और वीरवार को जो 413 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। दूसरी और 9 तब्लीग जमात के विदेशी नागरिकों को शुक्रवर को धारा-7, 14-बी, फोरर्नस एक्ट व 188, 269, 270, 271 आईपीसी के तहत पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया हैं। जिला में अब कुल 2246 सैंपल लिये जा चुके हैं, जिनमें से 2012 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अब 93 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है यह सैंपल शुक्रवार को भेजे गए। अभी तक तक जिला में कुल 14 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आरोग्य सेतू ऐप पर आज तक कुल 4639 व्यक्तियों ने आईएलआई के साथ खुद को रजिस्ट्रड करवाया था, जिनमें से सभी व्यक्तियों के साथ विभाग ने संपर्क कर लिया है एवं इनमें से 123 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कंटेनमेंट जोन में एवं अन्य दूसरी जगहों पर लोगों को आरोग्य सेतू ऐप डाउनलोड करने के लिये प्रेरित भी किया।
यह है जिले के चारों कंटेनमेंट जोन की स्थिति
शहजादपुर कंटेनमेंट जोन में 29 टीमों ने शुक्रवार को 11704 व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। रतनगढ़ कंटेनमेंट जोन में चार टीमों ने 3354 व्यक्तियों को स्क्रीन किया गया। इसके अलावा अंबाला कंटेनमेंट जोन में 9 टीमों ने आज 1995 व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच की, जिनमें से 2 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए। गांव ठरवा कंटेनमेंट जोन में 19 टीमों ने 10386 व्यक्तियों को स्क्रीन किया जिनमें से 2 लोगों के सैंपल लिए गए। जिला में 96 विभिन्न मोबाइल टीमों ने जिले के अलग-अलग स्थानों में जाकर आज 25962 मरीजों का चेकअप किया। अभी तक जिले की मोबाइल टीमों ने 3 लाख 65 हजार 165 लोगों का चेकअप किया हैं। कुल 57695 लोगों को सामान्य बीमारियों की दवाईयां दी गई हैं।
6 संदिग्ध केस पर टिकी निगाहें
दूसरी तरफ छावनी में डॉक्टर क्वार्टर बनाने के लिए कार्यरत करीब 30 श्रमिकों के शुक्रवार को रेपिड़ टेस्ट किए गए। इनमें से 6 संदिग्ध पाए गये हैं। इसीलिए इनके सैंपल जांच के लिए लैब में भेज दिये गये हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इनके पॉजिटिव होने की सोशल मीडिया पर चली अफवाह ने रात को आम आदमी के साथ स्वास्थ्य विभाग की दिक्कतों को बढ़ाए रखा।
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया स्टाफ भी नेगेटिव
छावनी की डायलिसिस विंग में कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए करीब 30 स्टाफ का पांचवें दिन जो सैंपल जांच के लिये भेजा गया था वह भी नेगेटिव आया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली हैं।