फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: सात को होगी नगर परिषद की हाउस बैठक, हंगामे के आसार

Wed, 02 Jul 2025 06:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला
विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। नगर परिषद की सात जुलाई को होने जा रही हाउस बैठक में छावनी की साफ-सफाई का मुद्दा एक बार फिर गर्माएगा। नप के अधीन वार्डों में गंदगी इस बार बैठक में वाद-विवाद का कारण भी बनेगा क्योंकि पार्षदों की शिकायतों के बाद भी जो सफाई गली-मोहल्लों में होनी चाहिए थी, वो मापदंड के अनुसार नहीं हुई है।
विज्ञापन

इससे पार्षद भी हैरान-परेशान है कि जनता का नुमाइंदा बनने के बाद भी वो छावनी को पूरी तरह से गंदगी मुक्त नहीं बना पाए हैं। इसके अलावा बैठक में सफाई कर्मचारियों की मनमानी का मुद्दा भी प्राथमिकता पर रखा जाएगा। लंबे समय से लोगों की शिकायत रहती है कि सफाई कर्मचारियों की फौज तो हैं और सुबह कुछ समय के लिए ही सक्रिय रहते हैं और ज्यादातर बाद में नदारद हो जाते हैं।

दो माह बाद मुद्दों पर होगी मंत्रणा
नगर परिषद के हाउस की बैठक अप्रैल माह में हुई थी और लगभग दो माह बाद बैठक होने जा रही है जोकि आमजन से जुड़े मुद्दों पर आधारित होगी। इसमें पार्षद अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को रखेंगे ताकि उनका समाधान हो सके। इसमें साफ-सफाई के अलावा सफाई कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि, कर्मचारियों की सुबह-शाम हाजिरी, स्ट्रीट लाइट, कूड़े के डस्टबिन आदि समस्याओं पर मंत्रणा होगी। इसका खाका हाउस की बैठक से पहले वार्ड पार्षदों द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर तय किया गया है।
विज्ञापन


धीमा काम, जवाबदेही हो तय
ठेकेदारों की धीमी कार्यशैली को लेकर आज भी अंबाला छावनी में समस्याओं का अंबार है। छावनी के 12 क्रॉस रोड पर अधूरे पड़े नाले व सड़क के निर्माण को लेकर यह समस्या देखी जा सकती है। इसी प्रकार दूसरी बड़ी समस्या एकता विहार चौक के नजदीक डाले जा रहे सीवरेज पाइप से जुड़ा है। इसका काम भी रुका हुआ है। तीसरी बड़ी समस्या दयालबाग में सीवरेज पाइप डालने के बाद अधूरा पड़ा सड़क का निर्माण है जोकि स्थानीय निवासियों सहित सड़क से निकलने वाले वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना हुआ है।

बजट का इंतजार
हाउस की पहली बैठक के बाद नप अध्यक्ष ने सभी 32 वार्डों में एक समान विकास कार्य करने का खाका तैयार किया था। इसके तहत लगभग 50 लाख रुपये के विकास कार्य प्रत्येक वार्ड में करवाने को लेकर योजना तैयार की गई थी ताकि स्थानीय पार्षद लोगों की समस्याओं को दूर कर सकें। लेकिन यह योजना भी कागजों तक ही सीमित होकर रह गई। इसका कारण सरकार की तरफ से फंड न मिलना बताया गया है।

हाउस की बैठक में वार्ड स्तर पर आ रही परेशानियों को बताया जाएगा। इसमें सबसे बड़ी समस्या साफ-सफाई की है। नगर परिषद के पास नए डस्टबिन ही नहीं हैं। इसलिए कूड़ा सड़कों पर बिखरा रहता है। इसके अलावा कुछ अन्य मुद्दों पर भी सवाल-जवाब किया जाएगा।
सुधीर जयसवाल, पार्षद, वार्ड 29

वार्ड में जलभराव की समस्या है जोकि दूसरे वार्ड से आ रहे पानी के कारण बनी हुई है। पिछले दिनों इस संबंध में वाद-विवाद भी हुआ था। ठेकेदार को पानी निकालने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं है। इसके अलावा आमजन से जुड़े कुछ अन्य मामले भी हाउस की बैठक में सामने लाएंगे।
हरमिंदर हीरा, पार्षद, वार्ड 14

सात जुलाई को हाउस की बैठक होगी। इसमें वार्ड पार्षदों द्वारा बताई गई समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा ताकि स्थानीय निवासियों की समस्याओं को दूर किया जा सके। अंबाला छावनी को स्वच्छता के मामले में अव्वल लाना हाउस की बैठक का पहला मुद्दा होगा।
विज्ञापन

स्वर्ण कौर, अध्यक्ष, नप सदर, अंबाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें