नारायणगढ़ (अंबाला)। बसपा प्रदेश सचिव व अधिवक्ता हरबिलास रज्जूमाजरा पर गोलीकांड के दौरान घायल हुए चुन्नू को चंडीगढ़ पीजीआई से छुट्टी मिल गई है। पेट में गोली लगने से घायल पुनीत डांग उर्फ चुन्नू 24 जनवरी से पीजीआई में उपचाराधीन था। कुछ दिन पहले ही नारायणगढ़ पुलिस ने स्वास्थ्य में सुधार होने पर अस्पताल जाकर चुन्नू के बयान दर्ज किए थे। उसके बयान के आधार पर गोलीकांड के दौरान इनोवा कार में साथ बैठे गूगल पंडित पर मामला दर्ज किया गया था।
उधर, इस हरबिलास हत्याकांड में शामिल व सीआईए-1 से मुठभेड़ में शामिल शूटर राजन व अभिषेक उर्फ मंगू से चार दिन के रिमांड में अभी तक पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि शुक्रवार को दोनों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा लेकिन इन दोनों को जेल भेजने की जगह दोबारा नारायणगढ़ पुलिस रिमांड पर लेगी। नारायणगढ़ पुलिस हरबिलास हत्याकांड मामले में उनसे इस संबंध में पूछताछ करेगी कि हत्याकांड के समय कौन-कौन साथ था और इस साजिश में कौन-कौन शामिल था। दरअसल, सीआईए-1 ने हरबिलास हत्याकांड मामले में दोनों को काबू करने का प्रयास किया था। तभी अभिषेक ने बाइक के पीछे बैठकर गोलियां चला दी थी।
आखिरी दिन के रिमांड से पहले फिर यूपी में दी पुलिस ने दबिश
शूटर राजन व मंगू के रिमांड के दौरान पुलिस ने यूपी व बिहार में दबिश दी थी। कोई सफलता नहीं मिली तो रिमांड खत्म होने के एक दिन पहले दोबारा टीम यूपी रवाना हुई। शहजादपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र वालिया का कहना है कि टीम ने इस मामले में यूपी व बिहार में दबिश दी थी। दोबारा टीम यूपी रवाना हुई है।
-