अंबाला। क्रिसमस को लेकर छावनी के बाजार सज चुके हैं। लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग क्रिसमस ट्री से लेकर सांता क्लाॅज के कपड़े और विभिन्न तरह की रंग बिरंगी बॉल, घंटी, टॉफी, कैप, स्टीकर, ड्रम, स्टार, स्टीमर और अन्य आइटम खरीद रहे हैं। उधर, जिलाभर के स्कूलों में भी क्रिसमस पर्व के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं करवाई जा रही है।
क्रिसमस के लिए चर्च में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। क्रिसमस के दिन छावनी की होली रिडिमर केथोलिक चर्च, सीएनआई चर्च में प्रभु यीशु मसीह के जन्म से संबंधित झांकी सजाई जाती है। इसके साथ ही प्रार्थना सभा होती है।
मल्टीकलर घंटियों से सजेंगे क्रिसमस ट्री
दुकानदार दीपक ने बताया कि उनके पास क्रिसमस ट्री, सजावट का सामान और सांता क्लाॅज के कपड़े उपलब्ध हैं। क्रिसमस ट्री एक फीट से लेकर 10 फीट तक है। जिसकी कीमत 30 रुपये से लेकर 1700 रुपये के बीच में है। वहीं, क्रिसमस ट्री को सजाने के लिए लड़ियां, रंग बिरंगी गेंद जो 60 रुपये में 12 पीस, बड़ी बॉल 300 रुपये में 12 पीस के पैकेट में आ रही है।
इसी तरह से मल्टीकलर में आ रही घंटी की बात करें तो 70 रुपये में 12पीस, 150 रुपये में छह पीस, सांता क्लॉज का चेहरा 10 और 15 रुपये, कैप 100 रुपये, सजावट के लिए पाइन कॉन 50 और 70 रुपये में छह पीस, क्रिसमस के स्टीकर 50 से 150 रुपये, गोल्डन, लाल और सिल्वर रंग की बड़ी घंटी 130 और 350 रुपये, सांता क्लॉज की ड्रेस नवजात बच्चे से लेकर व्यस्क 100, 450 रुपये, ड्रेस के साथ कैप और थैली भी है।
इसके साथ ही ग्लिटर लगी बॉल भी कस्टमर को भा रही हैं। इसके अलावा ड्रम 60 रुपये में छह पीस, सजावट की टॉफी 40 रुपये पैकेट, कागज के स्टार 20 से 250 रुपये उपलब्ध है।