अंबाला। छावनी स्थित सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र में जारी समर कैंप में बच्चों में उत्साह देखने को मिला। हर साल इस कैंप का बेसब्री से इंतजार करने वाले बच्चे प्रतिदिन इसमें भाग लेकर नई गतिविधियां सीख रहे हैं। कैंप के चौथे दिन बच्चों को संगीत की शिक्षा दी गई। एकांश अग्रवाल तथा यश भारद्वाज के सानिध्य में बच्चों ने गायन और सुर-ताल की बारीकियों को सीखकर अपनी प्रतिभा को निखारा।
इसमें बच्चों की मधुर प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। केंद्र के व्यवस्थापक विकास साहनी तथा रितु मलिक ने बताया कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों का ध्यान टीवी और मोबाइल जैसे गैजेट्स से हटाकर रचनात्मक गतिविधियों की ओर लगाना है। इस केंद्र में नृत्य, गायन और वादन की नियमित शिक्षा दी जाती है। कैंप को सफल बनाने में सविता गुंबर, ममता सैनी, साधना अरोड़ा, आशु साहनी और प्रकाश पाहुजा सहित सभी सदस्य अपनी सेवाएं देने में जुटे हुए हैं।