अंबाला सिटी। कुशल बिजनेस चैलेंज प्रोजेक्ट के अंतर्गत 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों के मध्य एक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे अपने बिजनेस आइडिया के बारे प्रस्तुति देंगे और उत्तम बिजनेस आइडिया देने वाले बच्चों को राज्य स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा। अंबाला के स्कूलों से कुशल बिजनेस चैलेंज प्रोजेक्ट के अंतर्गत अधिकतम बच्चों का पंजीकरण हो और वह अच्छे से अच्छे बिजनेस आइडिया की प्रस्तुति दे पाएं, इसलिए वोकेशनल शिक्षकों के लिए पीकेआर जैन पब्लिक स्कूल में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व जिला परियोजना समन्वयक सुधीर कालड़ा के नेतृत्व में समग्र शिक्षा अंबाला के एनएसक्यूएफ घटक के अंतर्गत किया गया। इसमें जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत सभी 102 वोकेशनलशिक्षकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मुकेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए बच्चों के नामांकन के संबंध वोकेशनल शिक्षकों के संशयों का निराकरण किया। डीईईओ एवं डीपीसी सुधीर कालड़ा ने समस्त टीम को संबोधित करते हुए कुशल बिजनेस चैलेंज प्रोजेक्ट को भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
उन्होंने दैनिक जीवन से विभिन्न उदाहरण देते हुए सभी उपस्थित वोकेशनल अध्यापकों को इस प्रोजेक्ट में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए और उनके समस्त छात्रों का शत प्रतिशत नामांकन करने के लिए प्रेरित किया।
एनएसक्यूएफ की घटक प्रभारी एपीसी पूजा शर्मा की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर उषा शर्मा, समस्त एनएसक्यूएफ टीम, पीकेआर जैन पब्लिक स्कूल प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा और उनका स्टॉफ भी उपस्थित रहा।