अंबाला छावनी स्थित नगर परिषदसदर का कार्यालय। फाइल फोटो
अंबाला। घर के द्वार तक नगर परिषद की टीमें पहुंचेगी और मालिकों को संपत्ति सत्यापित करने में मदद करेंगी। ऐसी टीमों को नगर परिषद की तरफ से लिखित आदेश की कॉपी और आईडी प्रदान की गई है ताकि किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर परिषद से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर लगभग 18 हजार मालिकों ने ही अपनी संपत्ति को सत्यापित करवाया है जबकि कुल संपत्ति का खाता सवा लाख के करीब है। ऐसे में नगर परिषद की परेशानी भी लगातार बढ़ती जा रही है।
कार्यालय सहित वार्ड स्तर पर शिविर लगाने के बाद भी लोगाें ने संपत्ति को सत्यापित करने में विशेष रुझान नहीं दिखाया है। ऐसे में नगर परिषद अब प्रत्येक वार्ड स्तर पर घर के दरवाजे तक अपने कर्मचारियों को भेजेगा।
प्राप्त जानकारी अनुसार संपत्ति आईडी के सत्यापित करने से हेरा-फेरी व धोखाधड़ी की गुंजाइश खत्म हो जाएगा। फिर न तो कोई संदिग्ध किसी दूसरे की संपत्ति आईडी के साथ छेड़छाड़ कर पाएगा और न ही जमीन व मकान आदि की खरीद फरोख्त कर पाएगा। अगर कोई भी अज्ञात व्यक्ति संपत्ति आईडी के साथ छेड़छाड़ करेगा तो इसका संदेश मालिक द्वारा दर्ज करवाए गए मोबाइल नंबर पर प्राप्त होगा जोकि आगामी कार्यवाही के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
अंबाला छावनी में सवा लाख के करीब संपत्ति धारक हैं। लगातार शिविर लगाने के बाद भी मात्र 18 हजार ने ही संपत्ति आईडी को सत्यापित करवाया है। इसलिए अब लक्ष्य की प्राप्ति के लिए घर के द्वार तक टीमों को भेजने का फैसला किया है। कर्मचारियों को आईडी व दस्तावेज भी दिए गए हैं।
राजेश कुमार, सचिव नगर परिषद सदर।