अंबाला सिटी। आंगनबाड़ी व प्लेवे में पढ़ रहे 5 वर्ष और उससे ज्यादा उम्र के बच्चे स्कूलों में स्थानांतरित होंगे। इसके लिए निदेशालय की ओर से शिक्षा विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं। जिला मौलिक शिक्षा विभाग ने यह निर्देश मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी को पत्र लिखा है जिससे आंगनबाड़ी और प्लेवे से इन बच्चों को बालवाटिका तीन में स्थानांतरित करवाया जा सके।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि नवीनतम निर्देशानुसार पांच वर्ष की आयु के किसी भी बच्चे को औपचारिक शिक्षा से वंचित नहीं रखा सकता। इस बारे में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला और खंड अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देश दे दिए गए हैं कि आंगनबाड़ी और प्लेवे में जाने वाले सभी पांच वर्ष और अधिक की आयु के बच्चों को औपचारिक शिक्षा के लिए स्कूलों में दाखिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि अब यदि किसी आंगनबाड़ी या प्लेवे में 5 वर्ष या अधिक आयु का कोई बच्चा मिलता है तो संबंधित दोषी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।