बराड़ा। फर्जी सरकारी बैंक कर्मचारी बनकर नकली कागजात से लोगों से पैसे ठगने के आरोप में पुलिस ने कुरूक्षेत्र के गांव तिगरी खालसा निवासी तीन लोगों पर मामला दर्ज किया है। कई गांवों के लोगों ने इस बारे में एसपी को शिकायत दी और एसपी के आदेश पर बराड़ा थाना में यह मामला दर्ज किया गया है।
ग्रामीणों का कहना कि आरोपी ने नकली कॉपरेटिव सोसायटी, कंपनी के नाम पर सरकारी बैंक और सरकारी योजना बताकर कई वर्ष तक पीड़ितों से रुपये लेते रहे। मगर जब पैसे वापिस मांगे तो आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। राऊ माजरा निवासी मनीष कुमार पुत्र राम सिंह बताया कि वर्ष 2015 में आरोपी ने उनके समेत कई लोगों से किश्तों के रूप में पैसे लेने शुरू किए।
जो करीब तीन वर्ष तक किश्तें लेता रहा। लेकिन जब किस्तें खत्म होने के बाद पैसे वापिस मांगे तो पहले वह टालमटोल करता रहा और फिर देने से इनकार कर दिया। जिस पर सभी भुगतभोगी करीब डेढ़ महीने पहले एसपी को लिखित में शिकायत देने पहुंचे थे।
फर्जी कोऑपरेटिव सोसायटी में सरकारी योजना के नाम पर लिए रुपये
मुख्य आरोपी रमेश रमेश चन्द ने एक द ग्रोव मार्क एफ वी कोऑपरेटिव सोसाइटी के एसआर मार्केटिंग (किसान ग्रुप) और स्वावलंबन योजना (एनपीएफ) भारत सरकार की ऋण योजना में ग्रामीणों को सरकारी बैंक बताकर उसमें एनडीएस और आरडी एफडी के किस्त 1,500, 1250, 400 और 500 रुपए के खाते खुलवाए। रमेश चंद व अन्य आरोपी हर महीने आकर इसकी किश्त ले जाते थे। यही नहीं इसके लिए खाता कॉपी भी दी गई थी और किश्त की डिटेल इस खाता कॉपी में भर दी जाती थी।
जमा की गई राशि पर कुल 12 प्रतिशत ब्याज दर व एक हजार रुपये सरकार की तरफ से ग्राहकों को देने का आश्वासन दिया था और किस्तें पूरी होने पर प्रार्थीगण को सरकार की तरफ से अच्छा मुनाफा ब्याज सहित देने की बात कही थी। इनमें कई ग्राहकों से 36 और कई लोगों से 44 किश्तें ली हुई हैं। आरोपी ग्रामीणों को झूठे सब्जबाग दिखाकर ठगता रहा। लेकिन जब पैसे वापिस करने की बारी आई तो उसने पैसे वापिस नहीं किए।
इन ग्रामीणों को ठगा
गांव तंदवाल निवासी रोशन लाल पुत्र लक्ष्मण राम, जयपाल पुत्र कूड़ा राम, राऊ माजरा निवासी मनीष कुमार पुत्र राम सिंह, राज कुमार पुत्र राम सिंह, अमरजीत पुर श्याम लाल, यमुनानगर के झींरवहेड़ी निवासी निर्मला पत्नी शिशुनार, ओमवती पत्नी सुरनाम सिंह, रीना रानी पत्नी सुरेश कुमार और यमुनानगर के कुलचंदू गांव निवासी सुरेन्द्र कुमार पुत्र शुगन चन्द, ममतेश पत्नी सुरेन्द्र कुमार ने मिलकर लिखित में एसपी को शिकाय दी। इसमें उन्होंने बताया कि उन लोगों से किश्तों के रूप में काफी पैसा ठगा जा चुका है। उन्होंने एसपी से मांग की कि उनका पैसा वापिस दिलाया जाए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं, एसपी के आदेश पर बराड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।