नारायणगढ़। खेडकी मानकपुर गांव में शनिवार को दिनदहाड़े एक बंद मकान से लाखों की चोरी हो गई। चोर ताले तोड़कर ढाई लाख रुपये की नकदी व लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले गए। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने हंसराज की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। खेड़कीगांव निवासी हंसराज ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे वह अपनी पत्नी के साथ काम से बाहर गए थे। बेटा विदेश में व पुत्रवधू मायके गई हुई है। दोपहर 2 बजे लौटे तो ताले टूटे हुए थे। संवाद
पीजी का ताला तोड़कर लैपटॉप चोरी
नारायणगढ़। कालाआम्ब की शिवालिक कॉलोनी में पीजी में रहने वाले छात्र के कमरे का ताला खोलकर चोर लैपटॉप, मोबाइल फोन व चांदी का कड़ा चुरा ले गए। चोरी के समय छात्र हिमाचल के ऊना रामपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कॉलेज में थे। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। धर्मेंद्र ने बताया कि वह हिमालयन कॉलेज का छात्र है व शिवालिक कॉलोनी में विरेंद्र नामक व्यक्ति के पीजी में रहता है। 11 फरवरी को दोपहर 12:45 बजे वह व दोस्त अभय कमरे को ताला लगाकर स्कॉलरशिप के काम से हिमालयन कॉलेज गए थे। जब वह दोपहर में लौटा तो पीजी का ताला टूटा हुआ था। संवाद
ओवरटेक करने के चक्कर में कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक घायल
नारायणगढ़। रायपुरानी-नारायणगढ़ मार्ग पर कोहड़ा भूरा अड्डा के पास एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मासुमपुर गांव निवासी मनीष कुमार(25) गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक की दाहिनी टांग में फ्रैक्चर आने पर नारायणगढ़ के नागरिक अस्पताल से सीधा पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। मनीष कुमार ने बताया कि नारायणगढ़ स्थित वीएसके अल्ट्रासाउंड हेल्थ केयर क्लीनिक में पिछले 5 साल से नौकरी करता है। 12 फरवरी को वह अपनी ड्यूटी खत्म करके अपनी बाइक पर गांव लौट रहा था कि कार ने टक्कर मार दी। संवाद