अंबाला छावनी में टीवी शोरूम के अंदर चोरी करते नकाबपोश युवक। वीडियो
अंबाला। छावनी की राय मार्केट के शोरूम से सामान चोरी की घटना 10 मिनट के अंतराल में हुई है। चोर 1.36 मिनट पर दुकान में घुसे और 1.46 मिनट पर सामान चोरी करके रफूचक्कर हो गए। दोनों दुकानों के एक साथ ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया गया। दो से तीन लोग एक ही समय पर अलग-अलग दुकानों में घुसे थे और वो एसी सहित तांबे का तार चोरी करके भाग गए थे। यह खुलासा टीवी की दुकान के अंदर लगे कैमरे से हुआ है। इसकी फुटेज पुलिस सहित सीआईए-2 ने कब्जे में ले ली है ताकि आरोपियों की धरपकड़ हो सके, हालांकि फुटेज में दो से तीन लोग एसी उठाते नजर आ रहे हैं, लेकिन उन्होंने मुंह पर कपड़े बांधे हुए हैं। ऐसे में इस मामले का सुलझाने के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है जो मोबाइल डंप व रास्ते पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का पुरजोर प्रयास कर रही हैं। जबकि बुधवार को भी पुलिस की कई टीमों ने दोबारा घटनास्थल का दौरा किया और दुकानदारों सहित घायल लोगों से भी मुलाकात की।
यह था मामला
सोमवार रात लगभग 12.30 बजे से दो बजे के बीच छावनी की राय मार्केट में आठ से दस नकाबपोश बदमाशों ने दो दुकानें में सेंध लगाई थी और लगभग तीन लाख रुपये का सामान लेकर रफूचक्कर हो गए थे। वारदात से पहले बदमाशों ने साथ की दुकान में सो रहे दो बुजुर्ग श्रमिकों को बंधक बनाया था और पिस्तौल की नोक पर उनसे मारपीट भी की। इस दौरान जब एक व्यक्ति उन्हें आवाज लगाते हुए मौके पर पहुंचा तो बदमाशों ने उसे भी मारा। पुलिस ने मौके का मुआयना और घायलों सहित दुकान मालिक से बात करके चोरी का मामला दर्ज किया है। बदमाश स्थानीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे जोकि एक पिकअप गाड़ी पर आए थे, हालांकि वो खुद को यूपी के बदमाश बता रहे थे। बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है जोकि शरीर से ऊंचे-लंबे थे।
आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्य में सीआईए-2 सहित पुलिस की तीन टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
- अजैब सिंह, प्रभारी कैंट थाना, अंबाला।
अंबाला छावनी में टीवी शोरूम के अंदर चोरी करते नकाबपोश युवक। वीडियो