संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। एक सप्ताह पहले सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के मामले में मुलाना पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र राम अवतार व विपिन के खिलाफ धारा 279 और 304ए के तहत मामला दर्ज किया। बताया जाता है कि आरोपी विपिन मृतक राहुल को बाइक पर अपने साथ ले गया था। इसके बाद विपिन ने शीशम के पेड़ में टक्कर मार दी थी। उससे राहुल की मौत हो गई थी।
थाना मुलाना पुलिस को दी शिकायत में यमुनानगर के लवाणा गांव निवासी सुभाष सिंह ने बताया कि उसका बड़ा बेटा 24 वर्षीय राहुल 3 अक्टूबर को लवाणा गांव निवासी विपिन कुमार के साथ उसकी बाइक पर सवार होकर निजी काम से गया था। अगले दिन चार अक्टूबर की सुबह सुभाष को सूचना मिली की, कि सैनी आटा चक्की के पास उसके बेटे राहुल के साथ हादसा हो गया है और वह मृत अवस्था में पड़ा है।
इस सूचना के बाद वह परिजन को साथ लेकर तुरंत मौके पर पहुंचा। एंबुलेंस की सहायता से राहुल के शव को एमएमयू अस्पताल में लेकर पहुंचा। इसके बाद उसने राहुल के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जब उन्होंने इस हादसे के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि विपिन कुमार ने 3 अक्टूबर को अपनी बाइक को लापरवाही से चलाते हुए शीशम के पेड़ में टक्कर मारकर एक्सीडेंट कर दिया था।
हादसे के बाद विपिन कुमार को उसका पिता राम अवतार घटनास्थल से उठाकर ले आया था। वहीं इस हादसे के बारे में अवतार व उसके बेटे विपिन कुमार ने सुभाष को कोई जानकारी नहीं दी। पिता-पुत्र के कारण ही उसके बेटे की मौत हो गई । इस शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पिता पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।