संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। 12 क्रास रोड की अधूरी सड़क का निर्माण 1 करोड़ 17 लाख से नहीं अब 96 लाख से पूरा किया जाएगा। नगर परिषद ने मख्यालय के निर्देश पर योजना में बदलाव करके नया प्रस्ताव तैयार किया और अब इसका टेंडर भी जारी कर दिया है। इसके बाद एजेंसियों को फाइनल करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।
इस सड़क का विस्तार सेवा समिति स्कूल के चौक से लेकर महाराजा ढाबे तक किया जाएगा। लगभग चार साल से यह सड़क अधूरी पड़ी है। इस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चों सहित सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। सड़क की हालात खस्ता होने के कारण रोजाना हादसे भी हो रहे हैं। बारिश के दिनों में तो इस सड़क से निकलना मुश्किल हो जाता है।
नगर परिषद ने लगभग डेढ़ साल पहले सड़क के निर्माण को लेकर योजना तैयार की थी। इस दौरान दो कार्यकारी अभियंता भी बदल गए। पहले चरण में इस सड़क की अनुमानित लागत 50 लाख रुपये तय की गई थी, जोबढ़कर 67 लाख तक पहुंच गई। तीसरी बाद जब सड़क का नए सिरे से प्रस्ताव तैयार किया गया और कुछ अन्य कार्य इसमें जोड़ा गया तो सड़क की अनुमानित लागत 1.17 करोड़ तक पहुंच गई।
इस अनुमानित लागत को मुख्यालय स्तर पर पास करवाने की जरूरत होती है। पहले ही लंबित हो रहे कार्य को सिरे चढ़ाने के लिए नई अनुमानित लागत तैयार की गई तो इसकी लागत एक करोड़ से नीचे आ जाए और स्थानीय स्तर पर ही योजना को पूरा करने की अनुमति अब मिल चुकी है।
सुभाष पार्क से सीधा पहुंचेंगे हाइवे पर
नगर परिषद की यह योजना है कि 12 क्रास रोड की सड़क को सुभाष पार्क की सड़क तक एक समान बनाया जाए ताकि जगाधरी-अंबाला नेशनल हाइवे पर आवागमन करने वाले वाहन इस रास्ते का इस्तेमाल करते हुए सीधा अंबाला-दिल्ली नेशनल हाइवे सहित बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर पहुंच सकें। इस रास्ते के तैयार होने से लोगों के समय की बचत होगी और वह जल्दी गंतव्य तक पहुंच पाएंगे।
सड़क के निर्माण को लेकर रूपरेखा तैयार की गई है। इस पर लगभग 96 लाख रुपये खर्च होंगे। फाइल को मान्यता मिल गई है और टेंडर भी लगा दिया है। जल्द ही एजेंसी को फाइनल करके कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा। - मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद सदर।