नारायणगढ़। स्क्रीनिंग प्लांट पर आसपास के क्षेत्र के खनिज चोरी कर प्लांट पर स्क्रीनिंग करने का मामले सामने आया है। इसमें खनन अधिकारी खान एवं भू विज्ञान विभाग अंबाला की शिकायत पर इस संबंध में हरियाणा राज्य प्रवर्तन थाना अंबाला ने गांव डेरा में मेसर्स जय अंबे स्क्रीनिंग प्लांट के संचालक पर एफआईआर दर्ज की है।
दरअसल 26 अक्तूबर को एसडीएम नारायणगढ़ एसडीएम शाश्वत सांगवान के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की टीम ने क्षेत्र में स्थित स्क्रीन प्लांट का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान वहां पर मौजूद व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के सिरमौर निवासी राम सिंह उर्फ रामू ने अपने आप को प्लांट का मालिक बताया था। टीम द्वारा उससे प्लांट के एमडीएल लाइसेंस के बारे में पूछा गया तो उसने प्लांट के एमडीएल लाइसेंस से संबंधित कोई भी कागजात मांगने पर नहीं दिखाए।
निरीक्षण के दौरान प्लांट पर लगभग 400 मीट्रिक ग्रेवल, 100 मीट्रिक टन रेता, 50 मेट्रिक टन गटकी व 50 एमटी गटका ताजा स्क्रीनिंग होना पाया गया। जिससे प्रतीत हुआ कि उपरोक्त प्लांट बिना एमडीएल लाइसेंस के अवैध रूप से आसपास के क्षेत्र में खनिज की चोरी करके प्लांट पर स्क्रीनिंग कर रहा है।
हरियाणा माइनिंग रूल 2012 के रूल नंबर 81 के अनुसार खनिज की बिक्री का स्टॉक लगाने के लिए एमडीएल लाइसेंस का होना जरूरी है। खनन अधिकारी खान एवं भू-विज्ञान विभाग ने अपनी शिकायत में बताया है कि संबंधित प्लांट पर उपलब्ध स्टॉक को कब्जे में लेकर अवैध रूप से प्लांट चलाने और आसपास के क्षेत्र से खनिज की चोरी करके प्लांट पर स्क्रीनिंग करने के संबंध में प्लांट मालिक पर मुकदमा दर्ज करने के बारे में लिखा है।
इस औचक निरीक्षण के दौरान टीम में डीएसपी मुकेश कुमार, खनन अधिकारी, प्रदूषण विभाग के एसडीओ तथा इंफोर्समेंट टीम के सदस्य शामिल रहे। डीएसपी मुकेश कुमार ने बताया कि खनन अधिकारी अंबाला की शिकायत पर उक्त स्क्रीनिंग प्लांट के मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
वर्जन
क्षेत्र में अवैध खनन को किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए गए हैं। उपमंडल में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर तथा सीसीटीवी कैमरा से भी नजर रखी जा रही है। शाश्वत सांगवान, एसडीएम, नारायणगढ़