अंबाला कैंट बस स्टैंड पर तैनात एक रोडवेज कर्मचारी को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। कर्मचारी पर बस स्टैंड पर दूसरे स्टेट की बसों की पर्चियां काटने में लापरवाही का आरोप है। इससे रोडवेज को खासा नुकसान हुआ है।
अंबाला कैंट बस स्टैंड पर रोडवेज विभाग ने बूथ बनाया हुआ है, जहां पर कर्मचारियों की तैनाती है। इसी बूथ पर तैनात कर्मचारी दूसरे स्टेट की बसों (हरियाणा को छोड़कर) पर नजर रखी जाती है। इन बसों को कैंट बस स्टैंड पर आने के लिए पर्ची कटवानी पड़ती है।
लेकिन यह कर्मचारी इस कदर लापरवाह रहा कि इसने दो दिनों तक किसी भी अदर स्टेट की बस की पर्ची तक नहीं काटी, जिससे रोडवेज को हजारों रुपये का नुकसान इन दो दिनों में हो गया। यह इस कदर लापरवाह रहा कि उसने ध्यान ही नहीं दिया कि उसके बूथ से आगे से अदर स्टेट की कितनी बसें निकल गई हैं।
इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी। विभाग ने अपनी प्रारंभिक जांच में पाया कि जो रसीद इस कर्मचारी को दी गई थी, वह दो दिनों में कटी नहीं और न ही कोई रुपया जमा हुआ है। इसके बाद इस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश कर दी गई। विभाग ने इस कर्मचारी को सस्पेंड करने की कार्रवाई शुरु कर दी है।