अंबाला। हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने वाले हैप्पी कार्ड का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। करीब 20 दिनों की देरी के बाद शनिवार से अंबाला छावनी और नारायणगढ़ बस अड्डों पर कार्ड वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया। जिले में इस चरण के लिए कुल 41,553 नए कार्ड आए हुए हैं, जो पिछले तीन हफ्तों से वितरण की राह देख रहे थे। कार्ड वितरण प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए रोडवेज प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
छावनी बस अड्डा स्थित पास कार्यालय में आठ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो आवेदकों के दस्तावेज की जांच कर कार्ड सौंप रहे हैं। वहीं, नारायणगढ़ बस अड्डे पर तीन कर्मचारियों को इस कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। शनिवार शाम तक छावनी में 138 और नारायणगढ़ में 71 लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए गए। दो साल पहले अंबाला में कुल 73,424 हैप्पी कार्ड प्राप्त हुए थे। इनमें से 69,700 लाभार्थी अपने कार्ड ले गए और बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ उठा रहे हैं। लेकिन, हैरानी की बात यह है कि 3,724 लाभार्थी ऐसे हैं जो आज तक अपना कार्ड लेने बस अड्डे नहीं पहुंचे जबकि रोडवेज कर्मचारियों की ओर से लोगों को बार बार फोन पर सूचना भी दी गई। यह कार्ड अब भी रोडवेज कार्यालय में धूल फांक रहे हैं। इस योजना के तहत परिवार पहचान पत्र में एक लाख रुपये या उससे कम वार्षिक आय वाले परिवारों को शामिल किया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र परिवार का प्रत्येक सदस्य एक वर्ष में हरियाणा रोडवेज की बसों में 1000 किलोमीटर तक की नि:शुल्क यात्रा कर सकता है।