अंबाला। अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित मोहड़ा अनाज मंडी के निकट बुधवार सुबह दिल्ली से जालंधर काम के लिए जा रहे मजदूरों की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार हवा में उछलकर पीछे से आ रही दूसरी कार पर पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में एक कार सवार बेगूसराय निवासी मजदूर मंजय कुमार की मौत हो गई व इसी कार सवार तीन अन्य घायल हो गए। दूसरी कार में सवार पांच में से दिल्ली निवासी वेदप्रकाश चोटिल हो गए। महिलाएं, एक बच्चा व पुरुष बाल-बाल बच गए। पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक रविंद्र सिंह राणा के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हवा में उछलकर दूसरी कार पर गिरी गाड़ी : हादसे के बाद कार डिवाइडर से टकराने के बाद कार खिलौने की तरह हवा में उछली और पीछे से आ रही एक अन्य कार के ऊपर जा गिरी। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। दूसरी कार में सवार दिल्ली निवासी वेदप्रकाश चोटिल हो गए। वह अपने परिवार भाई व भाभी, पत्नी व बच्चे संग जालंधर अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे।