नागरिक अस्पताल में युवती के परिजन पुलिस को पीड़ा बताते हुए। वीडियो ग्रेब
- परिजनों ने सिटी के नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला सिटी। कैंट से सिटी जा रहे ई-रिक्शा को देर रात्रि होंडा सिटी कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा में बैठी सवारियां भी सड़क पर गिर गईं। आरोप है कि टक्कर के बाद कार चालक ने एक 22 वर्षीय युवती के ऊपर कार चढ़ा दी। जब तक उसे अस्पताल लेकर आए तब तक युवती की मौत हो गई थी। जैसे ही मामले की जानकारी युवती के परिजनों को लगी वह नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में एकत्रित हो गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। मौके पर पुलिस ने आरोपी कार चालक को पकड़ लिया, जिसका मेडिकल कराया गया। बताया जाता है कि कार चलाने वाला पुलिस विभाग का कर्मचारी है।
समय पर नहीं पहुंची डायल 112 और एंबुलेंस
ई-रिक्शा को चलाने वाले चालक ने बताया कि कार की गति लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से रही होगी। जैसे ही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी सभी गिर गए। इसके बाद कार चालक भागने के चक्कर में कार को युवती के ऊपर चढ़ा दिया। ई-रिक्शा चालक ने बताया कि मौके से मदद के लिए डायल 112 और एंबुलेंस को कॉल किया गया। जब कोई नहीं पहुंचा तो ई-रिक्शा में ही युवती को अस्पताल लाना पड़ा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।