अंबाला। बलदेव नगर थाने के सामने कालका चौक से पहले कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में सवार युवक और आसपास खड़े लोग केवल तमाशा देख रहे थे, तभी अंबाला डिपो के एक रोडवेज बस चालक ने अपनी सूझबूझ और फायर ट्रेनिंग का इस्तेमाल कर कार को पूरी तरह जलने से बचा लिया।
अंबाला डिपो के रोडवेज बस चालक रविंद्र पाल सिंह ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी के तहत अंबाला कैंट से सवारियां उतारने के बाद बस को वर्कशाप में डीजल डलवाने और कैश जमा करवाने ले जा रहे थे।
विज्ञापन
जब उनकी बस कालका चौक कट और बलदेव नगर थाने के सामने पहुंची, तो उन्होंने देखा कि सड़क किनारे खड़ी एक कार में भीषण आग लगी हुई है। कार में सवार युवक बुरी तरह घबराया हुआ था और लाचारी की हालत में अपनी गाड़ी को जलता हुआ देख रहा था।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक रविंद्र पाल ने बिना एक पल गंवाए अपनी बस को तुरंत सड़क किनारे रोका और बस में रखे अग्निशामक यंत्र को लेकर दौड़ पड़े। उन्होंने यंत्र से आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि यंत्र का पाउडर खत्म होने के बावजूद आग पूरी तरह नहीं बुझी। इसके बाद उन्होंने पास में पड़ी मिट्टी उठाकर आग पर डाली, जिससे आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।