छावनी के वारहीरोज स्टेडियम में मैराथन को हरी झंडी दिखाते हुए तहसीलदार व जिला खेल अधिकारी
अंबाला। मेजर ध्यान चंद के जन्मदिन पर खेल विभाग की ओर से छावनी वार हीरोज स्टेडियम से मैराथन निकाली। उसके उपरांत हॉकी का मैच भी कराया। मैराथन दौड़ को अंबाला छावनी तहसीलदार यशवंत सिंह और जिला खेल अधिकारी रामनिवास ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
सभी ने मेजर ध्यान चंद के फोटो पर श्रद्धांजलि दी। साथ ही खिलाड़ियों को उनके जीवन से प्रेरित होने के बारे में जागरूक किया। दोपहर के समय छावनी के जीएमएन कॉलेज छावनी में हॉकी का अंबाला सिटी और छावनी के प्रशिक्षक केंद्रों के खिलाड़ियों के बीच हुआ। पहला मैच लड़कों का हुआ और उसमें अंबाला सिटी की टीम विजयी रही। दूसरा मुकाबला लड़कियों के बीच हुआ और इसमें अंबाला छावनी की टीम विजेता रही। विजेता टीमों को मुख्यातिथि तैराकी संघ के जिला प्रधान राजिंद्र विज ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा मैराथन और प्लांक चैलेज के विजेता भी सम्मानित हुए। इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय के एथलेटिक्स प्रशिक्षक प्रवीण, तैराकी प्रशिक्षक रामस्वरूप, बैडमिंटन प्रशिक्षक पुर्णिमा, हैंडबॉल प्रशिक्षक कुसुम और फैंसिंग प्रशिक्षक विकास मौजूद रहे।