अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला क्षेत्र में मृतक पशुओं को उठाने के काम के लिए वर्ष 2026-27 के वास्ते ठेका प्रक्रिया शुरू कर दी गई है । इसके लिए छावनी परिषद ने ई-नीलामी का निर्णय लिया है । इच्छुक बोलीदाता जैम पोर्टल के माध्यम से नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी राहुल आनंद शर्मा ने बताया कि ठेके की सरकारी बोली 80,000 रुपये से शुरू की जाएगी । बोली में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति को बतौर जमानत 5,000 रुपये की अग्रिम राशि ई-छावनी पोर्टल पर सेल्फ जनरेशन चालान के माध्यम से जमा करानी होगी।
ये हैं मुख्य शर्तें
ठेका प्रक्रिया में भाग लेने वालों को परिषद द्वारा निर्धारित सख्त नियमों का पालन करना होगा। सफल बोलीदाता को मृतक पशुओं को एयर फोर्स स्टेशन से कम से कम 15 किलोमीटर दूर ले जाना अनिवार्य होगा। ठेकेदार को रोजाना परिषद कार्यालय से मृतक पशुओं की रिपोर्ट लेनी होगी और उसके बाद ही उठाने का कार्य करना होगा। मृतक पशु का मांस बेचने की अनुमति नहीं होगी। इन शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर ठेका तुरंत रद्द कर दिया जाएगा और संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। ऊंची बोली लगाने वाले को पूरी रकम के अलावा 10 प्रतिशत राशि बतौर जमानत जमा करानी होगी, जो ठेका समाप्त होने पर बिना ब्याज वापस मिलेगी। नीलामी प्रक्रिया 30 जुलाई को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 31 जुलाई सुबह 10 बजे तक चलेगी। संवाद
नगर परिषद कागजी कार्रवाई तक सीमित
नगर परिषद सदर अंबाला अभी तक न तो बेसहारा गोवंश को सहारा देने की योजना सिरे चढ़ा पाया है और न ही कुत्ताें की नसबंदी की योजना को धरातल पर उतार पाया है। ऐसे में मृत पशुओं की निविदा से जुड़ा कार्य अभी काफी दूर है। जबकि छावनी के गली-मोहल्लों में लगातार बेसहारा गोवंश व आवारा कुत्तों की तादाद बढ़ती जा रही है। नगर परिषद द्वारा करवाए गए सर्वे के तहत लगभग 300 के करीब बेसहारा गोवंश और दो हजार कुत्ते लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
-
बोर्ड क्षेत्र को साफ व स्वच्छ रखने और वातावरण संरक्षित करने के लिए मृत पशुओं को उठाने का फैसला किया गया है ताकि किसी भी क्षेत्र में कोई दिक्कत न रहे। इससे बोर्ड को भी राजस्व की प्राप्ति होगी।
राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड, अंबाला।