कार, ऑटो को टक्कर मार बाइक पर पलट गया था कैंटर, दो की गई थी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित टांगरी पुल पर 16 फरवरी को हुए भीषण हादसे के मामले में पुलिस ने टक्कर मारने वाले कैंटर चालक को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के अजराना कलां निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को आरोपी ने बताया कि अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद वह कार, ऑटो से टकराने के बाद पलट गया। मंगलवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपी अमनदीप सिंह पर लापरवाही से वाहन चलाने की धारा 106, किसी की जान को खतर की धारा 125, रैश ड्राइविंग धारा 281, किसी की संपत्ति का भारी नुकसान करना की धारा 324(4) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस को दी तहरीर में कुरुक्षेत्र के सेक्टर-13 निवासी रजनीश सेठ ने बताया कि वह बीएसएनएल में जेई के पद पर कार्यरत है। 16 फरवरी की सुबह वह अपनी कार में विभाग के करनाल निवासी रितेश मल्होत्रा, पुनीत अरोड़ा, शाहाबाद निवासी रविंद्र कुमार के साथ सवार होकर अंबाला कैंट आ रहे थे। शाहपुर गांव के निकट टांगरी पुल पर पहुंचे तो कैंटर चालक तेज रफ्तार से चलाते हुए आया। बाइक के बाद कार और फिर ऑटो को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में कार चालक व ऑटो में सवार एक की मौत हो गई थी।