अंबाला। छावनी के उपमंडल कार्यालय परिसर में करीब एक साल से बंद कैंटीन बुधवार से शुरू हो गई। इस कैंटीन के खुलने से विभिन्न सरकारी कामों के लिए यहां पहुंचने वाले आम लोगों और प्रशासनिक कर्मचारियों को खान-पान व अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए परिसर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही फोटोस्टेट, प्रिंट आउट और जरूरी स्टेशनरी का सामान भी उपलब्ध रहेगा।
उपमंडल भवन में रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इस परिसर में तहसील, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट काउंटर, आधार केंद्र, खनन विभाग, आरटीए कार्यालय, श्रम विभाग, राशन कार्ड कार्यालय, पेंशन विभाग और पटवारखाना समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं। ऐसे में दूर-दराज के गांवों और शहरों से आने वाले लोगों को लंबे समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। कैंटीन बंद होने के कारण पिछले एक साल से लोग पीने के पानी और चाय-नाश्ते के लिए परेशान हो रहे थे। संवाद