अंबाला सिटी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब कैंसर के मरीजों के लिए छावनी के अटल कैंसर केयर की तर्ज पर कीमो थेरेपी की सुविधा मिलेगी। इसके लिए विभाग ने यहां पर कैंसर डे केयर वार्ड भी बनाया है। जहां पर कैंसर से पीड़ित मरीजों का दिन के समय उपचार किया जाएगा। इन मरीजों में सामान्य से लेकर अंतिम स्टेज वाले कैंसर पीड़ित भी शामिल रहेंगे। इस सुविधा को लेकर विभाग ने सिटी नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में वार्ड स्थापित किया है। इस सुविधा के शुरू होने से अंबाला सिटी व आस पास के क्षेत्र से आने वाले मरीजों को राहत की सांस मिलेगी।
सामान्य चिकित्सक ही करेंगे कीमो
कैंसर डे केयर को लेकर सामान्य चिकित्सकों को ही नियुक्त किया जाएगा। यहां पर आने वाले मरीजों को अस्पताल के चिकित्सक ही दवाएं देंगे। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग जल्द ही चिकित्सकों का प्रशिक्षण भी करवाएगा। कैंसर मरीजों के उपचार के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाओं को देने के लिए अनुभव व प्रशिक्षण का होना अनिवार्य होता है।
अटल कैंसर केयर में भी घटेगा बोझ
इन दिनों अंबाला के साथ- साथ नारायणगढ़, यमुनानगर, उत्तर प्रदेश पंजाब और हिमाचल के कुछ क्षेत्रों से भी मरीज छावनी के अटल कैंसर केयर में उपचार के लिए आते हैं। अंबाला सिटी में कैंसर मरीजों की सुविधा शुरू होने से अटल कैंसर केयर पर भी कार्यभार घटेगा और उपचार में गुणवत्ता सुधरेगी।
हमारी ओर सिटी नागरिक अस्पताल में यह कैंसर डे केयर की सुविधा शुरू जल्द ही शुरू हो जाएगी। जिसके लिए चिकित्सकों को भी प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। शुरूआत में दो चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- डॉ नीलम कुश्वाह, डिप्टी सीएमओ एनसीडी विभाग।