अंबाला छावनी के हलवाई बाजार में डिवाइडर के साथ खडे़ वाहन। संवाद
अंबाला। छावनी के बाजार को जाम से मुक्त करने के लिए नगर परिषद और पुलिस संयुक्त अभियान चलाएगी। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों को भी समझाया जाएगा कि वो अपने वाहनों को बहुउद्देशीय पार्किंग में खड़ा करें, इसके अलावा उनकी दुकान या शोरूम पर जो भी ग्राहक आते हैं, उन्हें भी पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित करें ताकि बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर परिषद के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं कि बहुउद्देशीय कार पार्किंग का ठेकेदार मनमानी कर रहा है और दुकानदारों के वाहन भी उठा रहा है। ऐसी कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाली गईं, इसमें दिखाया गया कि वाहन उठाते समय जरा भी सावधानी नहीं बरती जा रही है और इससे लोगों के वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए नगर परिषद अब एक बार फिर खुद धरातल पर उतरकर कार्यवाही करेगा ताकि स्थानीय दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को सचेत किया जा सके।
बिगड़ रही व्यवस्था
छावनी के बाजार पहले से ही तंग हैं। यहां दुकानदार फुटपाथ पर सामान रख रहे हैं, वहीं डिवाइडर के साथ वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। ऐसे में जब लोग बाजार आते हैं तो उन्हें जाम की परेशानी से जूझना पड़ता है। इस दौरान कई बार विवाद भी हो जाता है और मामला थाने तक पहुंच जाता है। ऐसे में पूरी गाज फिर ठेकेदार की कार्यशैली पर गिरा दी जाती है।
बाजार में लगाए जाएंगे नो पार्किंग के बोर्ड
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ कुछ शिकायतें मिली हैं, हालांकि उसने जो काम किया है वो निविदा के तहत किया है। इसलिए इस प्रकार का विवाद दोबारा न हो तो जल्द एक पुलिस के साथ मिलकर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि दुकानदारों से आग्रह किया जा सके कि वो अपने और ग्राहकों के वाहनों को बहुउद्देशीय पार्किंग में ही खड़ा करवाएं ताकि वाद-विवाद की स्थिति पैदा न हो।
अंबाला छावनी के हलवाई बाजार में डिवाइडर के साथ खडे़ वाहन। संवाद