- ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर फंसाया
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। साइबर ठगों ने हरियाणा सरकार की महिला डॉक्टर और उनके बीएसएफ अधिकारी पति से ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर 10 लाख 59 हजार रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद अज्ञात महिला श्रेया और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अंबाला सिटी के अशोक विहार निवासी डॉ. बख़्शिन्दर कौर चौहान (पीएचसी नूरपुर में कार्यरत) ने बताया कि उनके पति डॉ. राजपाल सिंह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डिप्टी कमांडेंट (मेडिकल अधिकारी) के पद पर तैनात हैं। गत 25 अगस्त को उनके पति के व्हाट्सएप पर एक मोबाइल नंबर से संदेश आया। संदेश भेजने वाली युवती ने अपना नाम श्रेया बताया और दावा किया कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में न्यू कंसल्टेंसी नाम से कंपनी चलाती है और इंटरनेशनल ट्रेडिंग करवाती है।
आरोपियों ने झांसा देकर पहले डॉ. राजपाल का अकाउंट बनवाया। शुरुआत में 4 सितंबर को 10,000 रुपये जमा करवाए गए। ट्रेडिंग में 15 डॉलर का मुनाफा दिखा तो ठगों ने टेलीग्राम चैनल के जरिए उनके खाते में 1,350 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद दंपती का भरोसा जीतने के लिए 100 डॉलर की विड्रॉल रिक्वेस्ट पर भी 9,000 रुपये वापस भेज दिए गए।
पोर्टफोलियो बढ़ाने का झांसा देकर ऐंठे रुपये
भरोसा कायम होने के बाद जालसाजों ने डॉ. बख़्शिन्दर का भी ट्रेडिंग अकाउंट बनवाया। अधिक मुनाफा कमाने और पोर्टफोलियो बड़ा करने के नाम पर आरोपियों ने दंपती से अलग-अलग बैंक खातों में फोनपे और योनो एप के जरिए 1 लाख रुपये, 2 लाख रुपये और 5 लाख रुपये समेत कुल 10.59 लाख रुपये जमा करवा लिए। जब ठगों ने 10 से 15 लाख रुपये और निवेश करने का दबाव बनाया, तो दंपती को शक हुआ। उन्होंने 11 सितंबर को अपने पूरे पैसे निकालने की रिक्वेस्ट डाली। इस पर आरोपियों ने वीकेंड का बहाना बनाकर टालमटोल किया। दो दिन बाद जब दंपती ने दोबारा प्रयास किया तो टेलीग्राम चैनल गायब मिला, वेबसाइट पर लॉगिन बंद हो गया और व्हाट्सएप पर भी ब्लॉक कर दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी मनप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की डिटेल खंगाली जा रही है।