घरेलू विवाद के चलते अंबाला की बराड़ा चौकी में भाई-बहन ने शनिवार देर रात पुलिस मुलाजिमों से मारपीट की। दोनों ने मिलकर चौकी में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने हेड कांस्टेबल नसीब सिंह की शिकायत पर आरोपी भाई-बहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत में बताया गया कि पहले आरोपी अमन ने हेडकांस्टेबल के साथ गाली-गलौज की और एएसआई के साथ मारपीट की। इस दौरान एएसआई कुलबीर सिंह बीच बचाव करने पहुंचे तो महिला रजनी ने चौकी में पड़ा डंडा उठाकर बाजू पर मार दिया। इतना ही नहीं अमन ने बुलेट की चाबी छाती में मारी और मुंह पर थप्पड़ मारते हुए नीचे गिरा दिया। एसआई देवराज दोबारा बीच बचाव करने पहुंचा तो अमन ने हाथ की उंगली पर दांत से काट दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी अमन महिला का भाई है और फोन कर बुलाने पर चौकी पहुंचा था।
हेड कांस्टेबल ने बताया कि शनिवार रात बराड़ा पुलिस चौकी में ड्यूटी के दौरान डॉयल 112 की टीम जनकपुरी कॉलोनी निवासी ओमबीर को पुलिस चौकी लेकर पहुंची थी। ओमबीर ने कीटनाशक दवा का सेवन किया हुआ था। उपचार के लिए उसे सीएचसी बराड़ा ले गए। चौकी से बयान दर्ज करने के लिए सीएचसी गए तो ओमबीर नहीं था। पूछने पर बताया कि वह बिना उपचार के लिए चला गया। जब वह वापस पुलिस चौकी पहुंचा तो ओमबीर, उसकी पत्नी रजनी धीमान और लड़का प्रथम पहले से मौजूद थे। इस बीच ओमबीर की पत्नी रजनी धीमान से बहस हो गई थी। रजनी ने अपने भाई अमन को फोन कर चौकी में बुला लिया। पहले तो अमन ने अपने जीजा ओमबीर से ही मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव करने के लिए हेड कांस्टेबल नसीब सिंह गया तो उसकी फर्दी फाड़ दी। देखते ही देखते दोनों भाई-बहन ने चौकी में हंगामा करते हुए मुलाजिमों के साथ मारपीट की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।