घायल सुनील को अस्पताल में सहारा देती उसी पत्नी व अन्य।
- फोटो : Ambala
काल्पी ओवरब्रिज के पास हमीदपुर ब्राह्मणा मोड़ पर कार में सवार दो युवकों ने जीजा को बंधक और उसके साले को गोली मारकर कार लूट ली। आरोपियों ने दोनों को कार से बाहर फेंक दिया और यमुनानगर की तरफ कार लेकर फरार हो गए। मुलाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव छगोग जिला शिमला हिमाचल प्रदेश निवासी नवल किशोर ने बताया कि मैं किराये की टैक्सी चलाता हूं। दो जनवरी को दो लड़के मेरे पास आए, जिनमें से एक ने खुद को रोहतक दो दूसरे ने उत्तरप्रदेश का निवासी बताया। उत्तरप्रदेश के मुज्जफरनगर निवासी युवक ने अपना आधार कार्ड भी मुझे दिखाया। उन्होंने अर्टिका कार एचपी 01 एए-0234 में बुकिंग के लिए कहा। उन्होंने बताया कि हमारे बीवी बच्चे यमुनानगर में हैं उन्हें लेकर आना है। मैंने 10 हजार रुपये किराया बताया तो दोनों राजी हो गए। उसी दिन रात 8 बजे रोहतक रहने वाले लड़के ने कहा कि 3 जनवरी को यमुनानगर जाना है, तैयार रहना। 3 जनवरी को मैं अपनी गाड़ी लेकर शिमला के देथल गांव में पहुंच गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों लड़कों ने पेट्रोल के लिए मुुुझे 2 हजार रुपये दिए। इसके बाद हम यमुनानगर के लिए निकल लिए। यहां से मैंने अपने एक साथी हार्दिक किशोर को गाड़ी में बैठा लिया और हम चारों धर्मपुर सोलन पहुंचे। यहां मेरा ससुराल है।
नवलकिशोर ने बताया कि यहां मैंने हार्दिक किशोर को गाड़ी से उतारा और अपने साले सुनील को बैठा लिया। यहां से हम चारों 3 जनवरी की शाम 7 बजे यमुनानगर के लिए निकल लिए। मेरा साला सुनील मेरे साथ वाली सीट पर ही बैठा था। रविवार रात करीब साढ़े 10 जब हम अंबाला में काल्पी ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो पिछली सीट पर बैठे दोनों लड़कों ने कहा कि हमें पेेशाब करना है। जैसे ही गाड़ी साइड में कर धीमी की तो पीछे बैठे लड़के ने मेरे साले सुनील के कान पर गोली मारी। इसके बाद दोनों ने हमें पकड़कर गाड़ी को लिंक रोड की तरफ घुमा लिया। इसके बाद रोहतक वाले लड़के ने मेरी बेल्ट और स्वेटर निकालकर मेरी बाजू पीछे बांध दी, जबकि दूसरे लड़के ने मेरे साले सुनील का मरा हुआ समझकर वहीं फेंक दिया और मुझसे मेरा पर्स, मोबाइल फोन छीनकर खेत में फेंक दिया। पर्स में तीन एटीएम कार्ड, 10 हजार रुपये नकद थे, जिन्हें दोनों बदमाश लूटकर फरार हो गए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल नवल किशोर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
- राजेश, एसएचओ मुलाना थाना।