अंबाला सिटी के पुरानी घास मंडी क्षेत्र के स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाएं ना मिलने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुरानी घास मंडी से गो शाला की ओर जाती हुई सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है, जिस वजह से यहां लोगों का चलना बेहद मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारों पर नालों के हालत भी बेहद जर्जर है, पिछले दिनों बरसात में सड़क पर पानी एकत्रित हो गया था और साइड में चलती हुई एक मारुति कार नाले में गिर गई थी। बमुश्किल कार को बाहर निकाला गया, इसमें परिवार भी सवार था। लोगों ने बताया कि इलाके में जबरदस्त गंदगी और कच्ची नालियों भी बड़ी समस्या बनी हुई हैं।
इसी गंदगी की वजह से यहां मच्छरों की फौज पनप रही है। जबकि स्ट्रीट लाइटों की सुविधा तो यहां नसीब ही नहीं है। लोगों ने बताया कि वे नगर निगम में कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कई इनकी सुनवाई नहीं हुई। उधर, इलाके में कई खाली प्लाट ऐसे हैं, जहां आज भी बरसाती पानी खड़ा सड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि यहां इलाके में शहर की सबसे बड़ी गो शाला भी मौजूद है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग गो सेवा व पूजा के लिए यहां आते हैं, लेकिन यहां के जर्जर सड़क और गंदगी के हालात इतने खराब है कि लोगों में रोष व्याप्त हो गया है।
घरों के पास खाली प्लांट गंदे पानी से भरे पड़े हैं। जहां हमेशा मच्छरों की भरमार रहती है। इससे बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। न तो इसकी कोई सफाई की जा रही है और न ही प्रशासन इस ओर कुछ कर रहा है। प्रशासन को चाहिए व जल्दी से जल्दी इसकी सफाई करवाए ताकि इस इलाके से बीमारियों का खतरा कम हो सके।
- शाली ग्राम, स्थानीय निवासी-
एक तो सड़कें और गलियां टूटी हैं, ऊपर से जो गली में थोड़ी रोशनी करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगवाई गई थी उसकी तार भी बिजली कर्मचारियों द्वारा काट दी गई है। जिस वजह से इलाके में अंधेरा पसरा रहता है, शिकायत करने पर भी कोई सुनने वाला नहीं है।
- राहुल, स्थानीय निवासी
नालियां भी गंदगी से अटी पड़ी है। अभी तक एक भी सफाई कर्मचारी इस इलाके में सफाई करने के लिए नहीं आया है। जिस वजह से इलाके में बदबू का आलम है और ऐसे माहौल में जीना मुहाल बना हुआ है। प्रशासन से आग्रह किया जाता है कि जल्द से जल्द इन नालियों की सफाई की जाए।
- राधे गोपाल, स्थानीय निवासी
इलाके की सड़कों की हालत को बद से बदतर हैं, पैदल चलना दूभर हा गया है। वाहन भी ऐसी सड़कों पर चलकर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। कई बार टूटी सड़कों की वजह से ही दोपहिया वाहन चालकों के बेकाबू होने से हादसे भी हुए हैं। लेकिन यहां कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
- सुरेंद्र कुमार, स्थानीय निवासी
कोई बात नहीं इलाके के लोग उनसे आकर मिले, अपने इलाके की समस्याओं के बारे में लिखित शिकायत दें, नगर निगम के अफसरों के सहयोग से इस इलाके की समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। लगता है विधायक को शहर का ध्यान ही नहीं है, मैं उनसे शहर के विकास के बारे में बात कहना चाहता हूं, उनके पास मिलने का वक्त ही नहीं है।
- रमेश लाल मल, मेयर, नगर निगम