अंबाला। शहर के गणेश विहार निवासी 17 वर्षीय बृजेश शर्मा ने केंद्रीय बजट 2027-28 की बजट-पूर्व परामर्श बैठक में शामिल होकर अंबाला व हरियाणा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। 26 नवंबर को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में बृजेश हरियाणा से आमंत्रित एकमात्र युवा प्रतिनिधि और देशभर से चयनित प्रतिभागियों में सबसे कम उम्र के युवा रहे। इस दौरान बृजेश ने शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर नई पीढ़ी का दृष्टिकोण रखा।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में बीटेक कंप्यूटर साइंस (माइक्रोसॉफ्ट एआई स्पेशलाइजेशन) की पढ़ाई कर रहे बृजेश कदम फाउंडेशन के यूथ प्रेसिडेंट, रोट्रैक्ट क्लब के कोषाध्यक्ष और मायगव कैंपस एंबेसडर भी हैं। इससे पहले वे फतेह ग्लोबल एमयूएन में स्पेशल मेंशन, हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के राज्य स्तर तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। कदम फाउंडेशन की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने कहा कि बृजेश की सक्रियता और नेतृत्व क्षमता अन्य युवाओं को भी राष्ट्र निर्माण से जुड़ने की प्रेरणा देगी।