- नदी मोहल्ला में दिन-दहाड़े वारदात, अलमारी से नकदी और जेवरात साफ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। नदी मोहल्ले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की नकदी और सोने के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय परिवार का एक सदस्य पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर गया हुआ था, जबकि बाकी सदस्य गुरुग्राम गए थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में नदी मोहल्ला निवासी मनीष आहूजा ने बताया कि 13 जनवरी की सुबह उनके माता-पिता और बड़ी बहन अपनी छोटी बहन से मिलने गुरुग्राम गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे मनीष भी घर को ताला लगाकर पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेकने चले गए। जब वह रात करीब 9:15 बजे वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने दरवाजे के पास वाली खिड़की का शीशा तोड़कर लोहे की ग्रिल उखाड़ दी थी और घर के अंदर दाखिल हुए थे। पीड़ित ने चोरी हुए सामान की कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई है।
मनीष ने बताया कि घर के अंदर कमरों में रखी लोहे और लकड़ी की अलमारियां खुली पड़ी थीं और सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी में रखी नकदी और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया। विशेषज्ञों ने खिड़की और अलमारियों से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।