अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला क्षेत्र में रहने वाले लगभग 60 हजार लोगों साफ और स्वच्छ माहौल उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड ने भूमिगत नालों की सफाई के लिए वाहन संचालित नई मशीनों को खरीदा है।
बोर्ड ने दो मशीनों की खरीद पर 70 लाख रुपये खर्च किए हैं। जल्द ही मशीनों को सीवर व भूमिगत नालों की सफाई के लिए लगा दिया जाएगा। मौजूदा समय में कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला के अधीन आठ वार्ड हैं। इन वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार योजनाएं तैयार की जा रही है।
यहां नई सड़कों का निर्माण, पेयजल की व्यवस्था व गंदगी मुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए कार्रवाई चल रही है। जहां कुछ समय पहले बोर्ड ने अपने स्तर पर डोर-टू-डोर कचरा उठाने की सुविधा को आरंभ किया था। वार्ड स्तर पर आबादी से दूर कुड डंपिंग जोन भी बनाए थे। जबकि घरों में गीले व सूखे कचरे को अलग रखने के लिए डस्टबिन भी बांटे थे।
खुले नाले और नालियों को करेंगे बंद
कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र में खुली नाले और नालियों को बंद करने की योजना तैयार की जा रही है, जिससे कि कहीं भी गंदगी और बदबू की समस्या न रहे। इसके लिए विभागीय टीम ऐसे नालों का आंकलन कर रही हैं, जहां गंदगी की समस्या अधिक गंभीर है। इसके अलावा तोपखाना और दूधला मंडी की तरफ भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि यहां अन्य वार्डों के अलावा आबादी काफी अधिक है। दूसरी बड़ी समस्या तोपखाना में ग्वालमंडी की है। इससे स्वच्छता रैंकिंग पर भी असर पड़ता है। इसके निस्तारण को लेकर भी बोर्ड योजना तैयार कर रहा है ताकि रिहायशी क्षेत्र से हटकर एक छोटे डेयरी काम्प्लैक्स को तैयार किया जा सके और यहीं सभी डेयरियों आदि को शिफ्ट कर दिया जाए।
वर्जन
कैंटाेनमेंट बोर्ड क्षेत्र को साफ और स्वच्छ रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में लगभग 70 लाख की लागत से दो सीवर साफ करने वाली मशीनों को खरीदा गया है ताकि गंदगी का सही तरीके से निस्तारण हो सके। वहीं कुछ अन्य योजनाओं को लेकर भी मंत्रणा की जा रही है।
राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंट बोर्ड।