अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से जीआरपी द्वारा पकड़े गए दोनों झपटमार। संवाद
अंबाला। यूपीआई आईडी में पैसे डलवाने का झांसा देकर दो युवकों ने कैंट स्टेशन पर आए यात्री का मोबाइल झपट लिया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर जीआरपी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी पहचान नरेला दिल्ली निवासी मोहम्मद सलीम और शाहिद के तौर पर हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। जीआरपी के सहायक उप निरीक्षक सुखबीर सिंह ने बताया कि मामला तीन मई को घटित हुआ था। इस संबंध में गाजीपुर उत्तर प्रदेश निवासी रजनीश पासी की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच आरंभ की गई थी।
ऐसे दिया था दोनों आरोपियों ने झांसा
रजनीश ने बताया था कि वो टिकट लेने के लिए अनारक्षित टिकट घर पर खड़ा था। इस दौरान दो युवक उसके पास आए और यूपी आईडी से पैसे डलवाने का आग्रह करने लगे। उन्होंने बताया कि उनके पास 50 हजार रुपये नकद हैं, लेकिन उन्हें यूपी आईडी पर मात्र 20 हजार रुपये चाहिएं। अगर वो उनकी मदद करेगा तो वो उसे 50 हजार रुपये दे देंगे। रजनीश ने बताया कि वो उन दोनों युवकों के झांसे में आ गया।
उसने तुरंत अपने परिजनों से पैसे मंगवाए। जैसे ही वो यूपी आईडी का पासवर्ड खोलकर कार्रवाई करने लगा तो एक युवक ने मोबाइल छीन लिया और वो मौके से फरार हो गया। जब तक वो उसका पीछा करता तो उसका दूसरा साथी भी मौके से खिसक गया। इसके बाद वो तुरंत जीआरपी थाने पहुंचा और मामले की जानकारी दी।