अंबाला छावनी बस अड्डे पर संस्थान प्रबंधक के कार्यालय में बनाए गए विशेष काउंटर पर अभ्यर्थी के लि
अंबाला। 26, 27 जुलाई को होने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) को लेकर छावनी बस अड्डे पर विशेष काउंटर बनाया गया है। यहां पर अभ्यर्थियों के लिए बसों की बुकिंग की जा रही है ताकि अभ्यर्थियों को बसों में सफर के दौरान किसी भी तरह की कोई परेशानी का सामना करना न पडे़। रविवार को चंडीगढ़, अंबाला और यमुनानगर के लिए रोडवेज की बसाें में 16 सीटों की बुकिंग की गई। यह बसों की एडवांस बुकिंग सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक की गई।
कर रहे प्रचार-प्रसार
अंबाला छावनी बस अड्डे पर संस्थान प्रबंधक के कार्यालय में एक विशेष काउंटर बनाया गया है। इस काउंटर पर अभ्यर्थियों के लिए एडवांस में बसों की बुकिंग की जा रही है, इसके अलावा रोडवेज अधिकारियों की ओर से पूछताछ केंद्र, बस अड्डे में पिलरों पर भी सीईटी के नोटिस चस्पाए हुए हैं ताकि अभ्यर्थी ज्यादा से ज्यादा बसों की बुकिंग करवाएं।
सुबह पांच बजे चलेंगी बसें
26 व 27 जुलाई को अंबाला से सुबह पांच बजे चंडीगढ़ और पंचकूला के लिए बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान बसें अभ्यर्थियों को लेकर सेंटरों तक जाएंगी। इसके साथ ही लंबे और लोकल मार्ग प्रभावित रहेंगे। बता दें अंबाला के अभ्यर्थियों का सेंटर चंडीगढ़ और पंचकूला बनाया गया है। यह बसें सारा दिन संचालन करेंगी। इसके साथ ही दूसरे जिलों से अंबाला पहुंचे अभ्यर्थियों को लोकल परीक्षा केंद्र तक भी रोडवेज की बसों में पहुंचाया जाएगा।
17 हजार 674 अभ्यर्थी टेस्ट देने आएंगे अंबाला
अंबाला में दो दिन कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट होना है। इसके लिए विभाग द्वारा 19 सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों पर दो दिन में 17 हजार 674 अभ्यर्थी टेस्ट देने अंबाला आएंगे। जिसमें पहले दिन 8 हजार 927 अभ्यर्थी टेस्ट देंगे। वहीं सुबह के सत्र में 4 हजार 515 और शाम के सत्र में चार हजार 412 अभ्यर्थी शामिल रहेंगे। इसके अलावा दूसरे दिन 8 हजार 747 अभ्यर्थी टेस्ट देंगे। जिसमें सुबह के समय 4 हजार 380 और शाम को 4 हजार 367 अभ्यर्थी शामिल होंगे।