संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। पांच दिन पहले गांव पंजोखरा में हुई नवविवाहिता की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मृतका के परिजनों ने शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे थाना पंजोखरा के सामने जाम लगा दिया। पुलिस की कार्रवाई से नाखुश परिजनों ने थाना के सामने करीब एक घंटा जाम लगाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विवाहिता के परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में भेदभाव करने के आरोप लगाए। परिजनों ने बताया कि जिस दिन हमारी बेटी के साथ यह कृत्य हुआ उस दिन थाना पंजोखरा की पुलिस ने हमें आश्वासन दिया था कि हम निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लेंगे। उस दिन पुलिस ने विवाहिता के पति हरकीरत को तो गिरफ्तार कर लिया था। पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने बेटी की हत्यारोपी पति का साथ देने वाले परिवार को खुला छोड़ रखा है। लड़की के मौसा अवतार सिंह ने आरोप लगाए कि पुलिस जानबूझ कर मामले को ढील दे रही है।
परिजनों के दबाव के बाद पंजोखरा थाना पुलिस ने आरोपी के पिता व मां को हिरासत में लिया। इसके बाद ही मामला शांत हुआ। जबकि आरोपी की बहनें अभी फरार चल रही हैं। इस दौरान मृतका की मौसी परविंद्र कौर ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई उस दिन बेटी ने हीलिंग टच अस्पताल में दाखिल होने से पहले मुझे बताया था कि मुझे इन लोगों ने कुछ खिला दिया है मुझे बचा लो।
वहीं परविंद्र कौर ने बेटी को इंसाफ दिलवाने के लिए गृहमंत्री के पास भी गुहार लगाने की बात कही। संदिग्ध परिस्थितियों में 17 मई को नवनीत कौर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाए थे कि उसकी बेटी की दहेज के लिए पति, सास, ससुर और उसकी ननदों ने हत्या की है।