संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नेशनल हाइवे पर स्थित चंद्रपुरी कालोनी कट के पास बाइक सवार बदमाशों ने युवक कोपीटकर बैग, नकदी और मोबाइल छीन लिए। शुक्रवार रात की घटना में नौकरी से घर आने के बाद जब मोहड़ा के अमनदीप को वाहन नहीं मिला तो वह पैदल घर के लिए चल पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की। पड़ाव थाने में अज्ञात पर छीनाझपटी का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई। केेस को सुलझाने के लिए सीआईए, क्राइम, साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
मोहड़ा के अमनदीप के अनुसार मैं राजस्थान के अलवर में होंडा फोरव्हीलर में काम करता हूं। शुक्रवार की रात मैं कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था। कोई वाहन न मिलने के कारण मैं पैदल घर की तरफ चल दिया। जब मैं शास्त्री कट के आगे चंद्रपुरी कालोनी कट के सामने पहुंचा तो वहां पर दो लड़के बाइक पर खड़े थे।
उन्होंने मुझे रोक लिया और मारपीट करने लगे। उसके बाद वे मेरा बैग, मोबाइल, पर्स, जिसमें बैंक के एटीएम, ड्राइविंग लाइसेंस, कंपनी के दस्तावेज और 3000 रुपये और कंपनी की दो वर्दी छीनकर ले गए। इंस्पेक्टर देवेंद्र के अनुसार रात के समय युवक से छीनाझपटी की गई है। अमनदीप द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। केस जल्द सुलझा लिया जाएगा।