नारायणगढ़। लौटों गांव के पुल पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि यमुनानगर के अली शेरपुर निवासी प्रवीण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। प्रवीण कालाआम्ब में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। नारायणगढ़ पुलिस को दी तहरीर में मृतक के चचेरे भाई चरण सिंह ने बताया कि वह अपनी नौकरी के सिलसिले में प्रवीण से मिलने कालाआम्ब गया था। शाम करीब 7 बजे प्रवीण की ड्यूटी खत्म होने के बाद दोनों अपनी-अपनी बाइक पर सवार होकर नारायणगढ़ की ओर आ रहे थे। हादसे के बाद ट्रक प्रवीण के ऊपर से गुजर गया था। संवाद
कार ने एक्टिवा सवार दंपती को मारी टक्कर, दोनों घायल
अंबाला। कैंट के एसडी कॉलेज के निकट कार ने एक्टिवा सवार बुजुर्ग दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में नौसेना से सेवानिवृत्त कर्मी वशिष्ठ नगर निवासी हरभजन सिंह (79) व उनकी पत्नी कुलदीप कौर घायल हो गई। महिला के सिर में गहरी चोटें आई है व दोनों टांगों में फ्रेक्चर है। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। घायल हरभजन सिंह ने बताया कि वह वर्ष 1981 में सेवानिवृत्त हुए थे। 30 मार्च की सुबह करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी कुलदीप कौर के साथ एक्टिवा पर सवार होकर ईसीएचएस अस्पताल दवाई लेने जा रहे थे। जैसे ही वह एसडी कॉलेज के सामने कट से मुड़ने लगे तो कार ने टक्कर मार दी थी। संवाद