अंबाला कैंट और सिटी की डेहा कॉलोनी पहले से ही पुलिस की रडार पर थी। अक्सर शहर व कैंट में होने वाली वारदातों में डेहा कॉलोनी के किसी न किसी निवासी का नाम अवश्य आता है। वहीं चोरी की ज्यादातर वारदातों में अंबाला कैंट की डेहा कॉलोनी के लोगों का हाथ होने पर परेशान पुलिस ने शुक्रवार सुबह अचानक कॉलोनी में तीन घंटे तक छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 57 बाइक को कब्जे में ले लिया। इन सभी बाइकों को थाने लाया गया है।
अंबाला पुलिस एवं सीआईए टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर शुक्रवार सुबह 5 से 8 बजे तक तीन घंटे कैंट की डेहा कॉलोनी में छापामारी कर वहां से 57 बाइक को कब्जे में लिया। इनमें कुछ बाइकें बिना नंबर की हैं तो कुछ पर नंबर पडे़ हुए है। जिन लोगों की बाइक पुलिस ने कब्जे में ली हैं उन सभी को बाइक के कागजों के साथ थाने बुलाया है। पुलिस का कहना है कि कागजों की जांच के बाद असली मालिक को बाइक सौंप दी जाएगी। जो लोग कागज नहीं दिखा पाएंगे, ऐसे लोगों की बाइक को जब्त कर लिया जाएगा।
संदिग्ध इलाकों की बनाई लिस्ट
अंबाला कैंट के थाना प्रभारी नरेंद्र राणा ने बताया कि पुलिस में छावनी के कुछ संदिग्ध इलाकों की एक लिस्ट तैयार की है। इसी के आधार पर चोरी एवं लूट की वारदातों को कम करने को लेकर यह अभियान चलाया गया है, जोकि आगे भी जारी रहेगा। लंबे अर्से से अंबाला में चोरी, चैन स्नेचिंग एवं लूट की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसको लेकर अंबाला पुलिस ने वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया। बता दें कि बीते रोज ऐसा ही अभियान पंचकूला में भी चलाया गया था।
भारी पुलिस बल रहा मौजूद
बता दें कि कुछ माह पूर्व अंबाला शहर में भी पुलिस ने जब ऐसे ही छापामारी की थी तो वहां के निवासियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया था। हालांकि बाद में स्थिति पर नियंत्रण कर लिया था। वहीं कैंट की डेहा कॉलोनी में भी कॉलोनीवासी भड़क न जाए, इसी को देखते हुए कैंट में कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान 60 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। वहीं इस दौरान सीआईए-1 व सीआईए-2 भी इस कार्रवाई में शामिल रही।
एसपी के आदेश पर हुई कार्रवाई
पुलिस कर्मियों ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रहे नशे के कारोबार और चोरी व लूट की वारदातों पर अंकुश लगाना जरूरी हो गया है। जिसके तहत शुक्रवार को चोरी के मामले को लेकर अंबाला एसपी अभिषेक जोरवाल के आदेश पर यह बड़ी कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई सुबह इसलिए की गई, क्योंकि अक्सर ऐसे लोग दिन में इन बाइक को कहीं न कहीं ले जाते हैं और रात से सुबह तक का ही सही वक्त देखते हुए पुलिस ने अलसुबह 5 से 8 बजे तक कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान जहां पुलिस ने 57 बाइकों को कब्जे में लिया है, वहीं अगर पुलिस यह कार्रवाई दिन में करती तो शायद यह कार्रवाई इतनी बड़ी नहीं होती और शायद पुलिस इतनी तादात में बाइक भी बरामद नहीं कर सकती थी।
नशे को लेकर भी पुलिस की लिस्ट में टॉप पर डेहा कॉलोनियां
हालांकि नशे के खिलाफ शहर की डेहा कॉलोनी के ही कुछ लोगों ने अभियान चला रखा है, लेकिन इसके बावजूद कैंट व सिटी की दोनों डेहा कॉलोनियों में नशा तस्करी के मामले में यह कॉलोनियां पुलिस की टॉप लिस्ट में शामिल हैं। बता दें कि गत 14 मई को भी अंबाला सिटी में नशे को लेकर दो पक्षों में जमकर झड़प हुई थी, जिसको लेकर शहीद सम्मान एवं नशा मुक्त सोसायटी के सदस्य तत्कालीन एसपी मोहित हांडा से मामले की शिकायत करने पहुंचे थे, जिसके बाद डीएसपी अंबाला सुल्तान सिंह से मिलकर नशा तस्करों पर कार्रवाई की मांग की थी
पकड़ी थी शराब की पेटी
नशा बिक्री को लेकर सिटी व कैंट की डेहा कॉलोनी इतनी ज्यादा चर्चा में रहती हैं कि माना जाता है कि यहां पर खुलकर नशा बेचा जाता है। अक्सर पुलिस की टीमें इन इलाकों से धरपकड़ करती हैं लेकिन काला कारोबार पूरी तौर पर खत्म नहीं हो रहा है। मामले में 25 मई को भी डीएसपी हेडक्वार्टर सुलतान सिंह के नेतृत्व में सिटी की डेहा कॉलोनी में छापेमारी की गई। उस दौरान वहां से एक पेटी अवैध शराब पकड़ी गई।
भारी पुलिस बल देख मच गया हड़कंप
पुलिस टीम ने शुक्रवार को अलसुबह अचानक कैंट की डेहा कॉलोनी में अभियान छेड़ दिया। हालात यह रहे कि इस अभियान से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। जो अराजकतत्व थे वह भनक लगते ही भाग निकले। इस दौरान टीम ने करीब ढाई हजार घरों में तलाशी ली गई।
सुबह एसपी के आदेश पर कैंट की डेहा कॉलोनी में छापामारी कर 57 बाइक को बरामद किया। इस दौरान 8 से 9 गलियों में बने करीब ढाई हजार घरों में छापामारी की गई। मामले में कार्रवाई जारी है।
- नरेंद्र राणा, थाना प्रभारी, अंबाला कैंट।