बिजली वितरण निगम की 23 सब डिविजनों को निजी हाथों में देने के विरोध में भड़के बिजली कर्मचारियों ने जहां हड़ताल की, वहीं सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नारायणगढ़ में बिजली कर्मियों ने रोष मार्च निकाल एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जबकि जिला भर में बिजली विभाग की सब यूनिटों पर धरना प्रदर्शन हुआ। विभाग का काफी स्टाफ सामूहिक अवकाश पर रहा, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं।
अंबाला कैंट में सब डिविजन नंबर एक पर कर्मचारी नेता देवीप्रसाद भट्ट ने कहा कि सरकार निगम की 23 सब डिविजनों को निजी हाथों में सौंप रही है। यह सरकार निजीकरण की ओर कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी यूनियनें लगातार इसका विरोध करती रही हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपना निर्णय वापस न लिया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इसी प्रकार नारायणगढ़ सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के सदस्यों ने एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से जुडे़ सैकड़ों कार्यकर्ता प्रधान सतनाम सिंह के नेतृत्व में सुबह बिजली दफ्तर पर पहुंचे जहां पहले से ही बिजली के 23 सब डिवीजन को निजी हाथों में देने के विरोध में कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। सर्व कर्मचारी संघ के राज्य आडीटर सतीश सेठी, सचिव सुभाष धीमान ने कहा कि बिजली कर्मचारियों के विरोध के बाद जिस भी राजनैतिक दल की प्रदेश में सरकार आई उसने निजीकरण, आउटसोर्सिंग व ठेकाकरण की नीतियों को जोर शोर से लागू किया। सीआईटीयू के कामरेड टेकचंद ने कहा कि सरकार के इस फैसले से जनता को मिलने वाली बिजली और मंहगी होगी। इस दौरान हैमसा के राज्य महासचिव कमलजीत सिहं बखतुआ, संघ के जिला संगठन सचिव श्याम लाल, खंड नारायणगढ़ के कैशियर बृजमोहन, हैमसा के शिव कुमार तथा बिजली कर्मचारियों के नेता कुलदीप सिंह, हमीर सिंह, बलराम कोहली, सतदेव शर्मा, प्रदीप, सचिन कुमार, सिंगराम, श्योराम, पुरषोत्तम व सचिन अग्रवाल, जगतार सिंह, कमलजीत आदि मौजूद रहे।
बराड़ा में हुई बैठक, सौंपा ज्ञापन
बराड़ा उपमंडल में सब डिवीनज अधोया के सब यूनिट प्रधान रूलदा राम की अध्यक्षता में सभी बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने एक दिन का सामूहिक अवकाश रखकर अधोया बिजली बोर्ड में बैठक कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रधान रूलदा राम ने कहा कि सरकार बिजली वितरण निगमों की 23 सब-डीवीजनों के कार्य को निजी हाथों में देने जा रही है। जिसका कि सभी कर्मचारी पूर जोर विरोध कर रहे हैं। इसी विरोध के चलते सर्व कर्मचारी संघ की ओर से उपमंडल प्रधान अशोक कुमार सैनी की अगुवाई में उपमंडल अधिकारी (ना.) बराड़ा को ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन सौपने से पहले उपमंडल सचिव नैब सिंह ने कहा कि सरकार के इस फैसले के खिलाफ हरियाणा कर्मचारी ज्वाइंट एक्शन कमेटी पॉवर के आह्वान पर आज प्रदेश के 25 हजार से ज्यादा बिजली कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे। इस मौके पर कोषाध्यक्ष कुलदीप बंसल, हेमसा के जिला प्रधान राजपाल पसियाला, ओम प्रकाश, कूष्ण सैनी, अशोक धीमान व धर्मवीर आदि मौजूद रहे।
बिजली कट के कारण परेशान रहे लोग
शहजादपुर क्षेत्र में मंगलवार की रात को बिजली के कट व बिजली कर्मचारियों के अवकाश पर जाने के कारण लोगों को बुधवार की सुबह पानी व बिजली के न आने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों में परमजीत कालड़ा, विक्की, राज कुमार, रोशन लाल, रणजीत सिंह, सुरेंद्र्र कुमार आदि ने बताया कि शहजादपुर में मगलवार को रात 9 बजे बिजली का कट लग गया व बार बार विजली विभाग को सूचित किया लेकिन वहां पर किसी ने फोन को रिसीव नहीं किया। बिजली के कट लगाकर कर्मचारी आमजन व किसान को बेवजह परेशान रहे, जबकि कर्मचारियों से भी राहत नहीं मिल पाई।
रात भर गर्मी में काटी रात
बराड़ा में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे तेज अंधेड़ के साथ हुई बरसात में के बाद बिजली गुल हो गई। कहीं पर बिजली का खंभा टूटा तो कहीं तारें टूट कर लटक गई। इसके बाद सारी रात बिजली न आने से लोग बेहद परेशान रहे, जबकि दिन में भी बिजली नहीं आई। वहीं बिजली कर्मचारी की छुट्टी होने पर बिजली ठीक नहीं हो पाई। बराड़ा में भी बिजली की समस्या रही है।