अंबाला। ड्यूूटी से छुट्टी कर घर जा रहे साइकिल सवार बुजुर्ग की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। थाना पड़ाव पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायत में कुलदीप सिंह ने बताया कि वह मोहड़ा का निवासी है। उसके पिता संत सिंह मोहड़ी में प्राइवेट नौकरी करते थे। रात की ड्यूटी थी और वह प्रतिदिन साइकिल से ड्यूटी पर जाते थे। मंगलवार को वह कार में सवार होकर निजी काम से मोहड़ा से शाहाबाद जा रहा था। वह टाटा मोटर्स नेशनल हाईवे के सामने पहुंचा तो देखा कि सड़क के किनारे काफी लोग खड़े थे। पूछने पर पता चला कि किसी बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी दी और फरार हो गया। लोगों ने बताया कि घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए एंबुलेंस से छावनी के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। कुलदीप ने बताया कि उसने पास पड़ी साइकिल को देखा तो पहचान लिया कि यह उसके पिता की है। इसके बाद वह परिजनों को लेकर अस्पताल पहुंचा। वहां पता चला कि उसके पिता की मृत्यु हो गई।