अंबाला। अयोध्या में जयश्रीराम का उद्घोष जारी है और यात्री ट्रेनों और अपने संसाधनों से अयोध्या धाम जाकर भगवान श्रीराम के चरणों में नतमस्तक हो रहे हैं। भक्तों के इस उत्साह और श्रद्धाभाव को देखते हुए रेलवे टूरिज्म और कैटेरिंग कॉरपोरेशन यानी आईआरसीटीसी लिमिटेड ने तृतीय श्रेणी एसी कोच से लैस भारत गौरव ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
भारत गौरव ट्रेन 5 जुलाई को पठानकोट से संचालित होगी और इसमें न केवल अयोध्या धाम बल्कि हरिद्वार, ऋषिकेश, वाराणसी और प्रयागराज जैसे तीर्थ स्थानों के मुख्य मंदिरों के भी दर्शन करवाए जाएंगे। यह यात्रा सात रात्रि और आठ दिन में पूर्ण होगी। इस ट्रेन का किराया स्टैंडर्ड श्रेणी में 18 हजार 520 रुपये प्रति व्यक्ति और कंफर्ट श्रेणी में 22 हजार 240 रुपये होगा।
सात ज्योर्तिलिंग यात्रा
आईआरसीटीसी 13 दिनों में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग। भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग, महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग जैसे दिव्य स्थानों की दर्शन करवाएगी। भारत गौरव ट्रेन द्वारा 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा 16 जून को अमृतसर स्टेशन से रवाना होगी और 28 जून को अमृतसर वापस आएगी। इस यात्रा में तृतीय एसी श्रेणी के दो तरह के पैकेज शामिल हैं, जोकि कंफर्ट और स्टैंडर्ड श्रेणी के हैं। यात्रियों के पास यात्रा के दौरान अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, अजमेर स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने, उतरने के विकल्प होंगे। इस ट्रेन में कुछ ही सीटें शेष रह गई हैं।
ये मिलेंगी सुविधाएं
इस पैकेज में ट्रेन टिकट, भोजन (चाय-नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना), सड़क परिवहन के लिए स्टैंडर्ड श्रेणी में नॉन-एसी बस एवं नॉन-एसी आवास और कंफर्ट श्रेणी में एसी आवास और उपलब्धता अनुसार एसी एवं नॉन एसी बस की व्यवस्था शामिल है। ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, कोच सुरक्षा गार्ड और हाउस कीपिंग की भी सुविधाएं होंगी।