अंबाला। होली पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बेशक अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड्स लगा दिए हैं। बावजूद इसके कुछ ऐसे रास्ते भी हैं जो यात्रियों के आवागमन के सुगम और सरल है। ये रास्ते अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के ईद-गिर्द हैं।
इसमें पहला रास्ता आरक्षण केंद्र के पास पार्सल कार्यालय का है। यहां बिना रोकटोक के कभी भी कोई व्यक्ति और यात्री आ-जा सकता है। जबकि दूसरा रास्ता वीआईपी प्लेटफार्म की तरफ है जोकि चारों तरफ से खुला है। वहीं, तीसरा रास्ता रेलवे कॉलोनी की तरफ से स्टेशन की पर आता है। जबकि चौथा रास्ता रेलवे यार्ड से प्लेटफार्म 6-7 की तरफ आता है। इसी रास्ते से बिना टिकट यात्री भी बिना किसी परेशानी के आवागमन करते हैं। होली को लेकर अब यात्री मुख्य द्वार को छोड़कर इन्हीं रास्तों से प्लेटफार्मों पर पहुंचना शुरू हो गए हैं।
जांच के लिए टीम नहीं तैनात
रेलवे स्टेशन पर प्रशासन व्यवस्थाओं के लिए तमाम तरह के दावे कर रहा है मगर हकीकत यह है कि आरपीएफ के जवान काफी कम संख्या में तो वाणिज्य विभाग की टीमें तैनात नहीं की गई हैं। इसलिए स्टेशन पर आने वाले किसी भी व्यक्ति से टिकटों को लेकर पूछताछ नहीं की जा रही है। हालांकि अनारक्षित टिकट घर के पास लगे लगेज स्केनर के पास आरपीएफ कर्मचारी तैनात हैं जोकि यात्रियों के सामान की ही जांच कर रहे हैं। दूसरी तरफ जिन कर्मचारियों पर टिकटों की जांच की जिम्मेदारी है वो जुर्माना लेकर प्लेटफार्माें पर टिकटें बनाने में व्यस्त हैं।
भीड़ में बिगड़ सकते हैं हालात
पंजाब की तरफ से आने वाली ट्रेनों के दौरान आरपीएफ कर्मचारियों की तैनाती बेशक कर दी गई है। इसके बावजूद यात्री ट्रेन के आते ही काफी उत्साहित हो जाते हैं और सुरक्षा घेरा तोड़कर कोच तक पहुंचने के लिए जोर-आजमाइश शुरु कर देते हैं। ऐसे में आरपीएफ कर्मचारी भी बेबस नजर आते हैं। जैसे-जैसे होली का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे स्टेशन पर भीड़ भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में अगर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती नहीं की गई तो हालात काफी बिगड़ सकते हैं।
कागजों तक सीमित योजनाएं
नई दिल्ली स्टेशन पर हुए हादसे के लिए रेलवे ने सभी जोन सहित मंडल प्रबंधकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हुए हैं। इसके तहत ही भीड़ नियंत्रण को लेकर विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। बावजूद इसके स्टेशन सहित प्लेटफाॅर्माें पर अंजान लोग घूम रहे हैं। इसमें कंगले और नशेड़ी भी शामिल हैं जोकि यात्रियाें के लिए कभी भी मुसीबत खड़ी कर सकते हैं।
वर्जन
होली को लेकर रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है। बिहार व यूपी जाने वाली ट्रेनों के अलावा विशेष ट्रेनों की भी निगरानी की जा रही है। सुरक्षा टीम 24 घंटे कार्य कर रही हैं। अगर कंगले और नशेड़ी प्लेटफार्म पर आ रहे हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
जावेद खान, प्रभारी आरपीएफ अंबाला पोस्ट।
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर आराम कर रहा नशेड़ी युवक। संवाद