बराड़ा।अनाज मंडी में रखे बारदाने में वीरवार को अचानक आग लग गई। डीएम का दावा है कि आग से करीब 22 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
अनाज मंडी में रखे बारदाने में अचानक आग लग गई। इससे मंडी में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पल्लेदारों ने कुछ बोरियों को आग से बचा लिया, लेकिन तब तक आग भड़क चुकी थी। इसी दौरान फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फायर ब्रिगेड मौके पर करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। तब तक काफी बारदाना जल चुका था। मौके पर पहुंचे हैफेड के डीएम अनिल चौहान ने बताया कि यहां पर बारदाने के करीब 123 बंडल थे जिनमें एक की कीमत बीस हजार रुपये है। डीएम ने बताया कि आग मेें 22 लाख का बारदाना जलकर राख हो गया। आग के कारणों का पता नही चल सका। बराड़ा पुलिस जांच में जुटी है।
उधर, उगाला में एक किसान के गेहूं में आग से लगभग तीन एकड़ गेहूं जल गई। उगाला निवासी हरजिंद्र सिंह के खेतों में लगी गेहूं की फसल में आग लग गई। मौके पर किसानों ने ट्रैक्टर में हैराें लगा कर खेत में चलाया ताकि आग आगे न बढे़। हरजिंद्र सिंह ने बताया कि आग ने तीन एकड़ में लगी गेहूं की फसल को तबाह कर दिया। आग का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।