अंबाला। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए अंबाला छावनी के पोस्टल एंड आरएमएस कोऑपरेटिव बैंक में रैंप बनाया गया है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा के संज्ञान में आया था कि बुजुर्गाें और दिव्यांग जनों को बैंक में प्रवेश के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि बैंक में प्रवेश करने के लिए सीढ़ियां ही एकमात्र विकल्प थी।
यह मांग पिछले काफी सालों से बैंक के उपभोक्ताओं द्वारा उठाई जा रही थी। इस सुविधा को मद्देनजर रखते हुए वर्तमान बोर्ड ने एक रैंप का निर्माण करवाया। रैंप का उद्घाटन बुधवार को हरियाणा डाक विभाग के सर्वोच्च पदाधिकारी संजय सिंह मुख्य पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा ने किया । इस अवसर पर उनके साथ रणजीत सिंह सहायक पोस्ट मास्टर जनरल (विजिलेंस), प्रभात गोयल सहायक निदेशक (स्टाफ) एवं अरुण गोयल सहायक निदेशक (मेल्स) भी उपस्थित रहे।
रैंप उद्घाटन के पश्चात बैंक के चेयरमैन सचिन खरब ने बैंक की कार्यशैली तथा बैंक द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं से विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। इसके साथ उन्होंने यह भी बताया कि यह बैंक हरियाणा सहित जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब एवं दिल्ली के सभी डाक विभाग के कर्मचारियों को कम ब्याज दर पर लोन की सुविधा देता है तथा बैंक के उपभोक्ताओं को भी बैंक में निवेश करने पर दूसरे बैंकों से अधिक ब्याज देता है।न