संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन पर एक यात्री का कीमती सामान चोरी हो गया। घटना उस समय हुई जब ट्रेन नंबर 13151 कोलकाता-जम्मूतवी में प्लेटफार्म दो पर आकर रुकी। बैग में एप्पल का कीमती लैपटॉप, रियलमी का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की आरसी थी। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद स्थित राजेंद्र नगर निवासी वैभव राज ने बताया कि 3 मार्च को वह फगवाड़ा जंक्शन से अयोध्या कैंट के लिए यात्रा कर रहे थे। जब उनकी ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंची, तभी किसी चोर ने उनका काले रंग का बैग चोरी कर लिया।
पीड़ित वैभव राज ने इस संबंध में पहले अयोध्या कैंट पहुंचकर जीआरपी में शिकायत दी थी। इसे बाद में घटना स्थल अंबाला होने के कारण जीआरपी कैंट को स्थानांतरित कर दिया गया। मामले की तफ्तीश सहायक उप निरीक्षक करण सिंह को सौंपी गई है। थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि पीड़ित द्वारा सामान के असली बिल पेश करने के बाद चोरी हुए माल की कुल कीमत का आकलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।